दिल्ली के ATC में तकनीकी खराबी, यात्रियों को सलाह- एयरपोर्ट जाने से पहले एयरलाइन से स्टेटस चेक करें

Sandesh Wahak Digital Desk: हवाई यात्रा करने वालों के लिए शुक्रवार सुबह थोड़ी मुश्किल भरी रही। दिल्ली के इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर आई एक बड़ी तकनीकी ख़राबी ने न सिर्फ़ दिल्ली, बल्कि मुंबई एयरपोर्ट पर भी उड़ानों के संचालन को प्रभावित कर दिया है।

दरअसल, यह पूरा मामला दिल्ली में स्थित स्वचालित संदेश स्विचिंग सिस्टम (AMSS) से जुड़ा है, जो एयर ट्रैफ़िक कंट्रोल (ATC) के लिए उड़ान की योजनाएँ (Flight Plans) व्यवस्थित करता है। इस अहम सिस्टम में ख़राबी आने से गुरुवार देर रात से ही दिल्ली एयरपोर्ट का सेंट्रल ATC सिस्टम प्रभावित हो गया। इससे उड़ान डेटा और मंजूरी का प्रबंधन धीमा हो गया। नतीजतन, 100 से अधिक उड़ानों में देरी हुई और सैकड़ों यात्री एयरपोर्ट पर फँस गए।

दिल्ली का AMSS सिस्टम बाधित होने के कारण मुंबई हवाई अड्डे पर भी उड़ान संचालन प्रभावित हुआ है, जिससे कई उड़ानों के समय में देरी हो सकती है। तकनीकी सिस्टम ठप होने के कारण एयर ट्रैफ़िक कंट्रोलर्स को फ़िलहाल उड़ानों के अनुरोधों को मैन्युअल रूप से संभालना पड़ रहा है, जिससे विमानों के आगमन और प्रस्थान की गति धीमी हो गई है।

संबंधित अधिकारी इस तकनीकी समस्या को जल्द से जल्द ठीक करने की पूरी कोशिश कर रहे हैं। यात्रियों को सलाह दी गई है कि वे एयरपोर्ट जाने से पहले अपनी संबंधित एयरलाइन से संपर्क करें और अपनी उड़ान की स्थिति और संशोधित कार्यक्रम के बारे में अपडेट ज़रूर ले लें।

Also Read: बिहार चुनाव और ‘दिखावे की देशभक्ति’, रामगोपाल यादव ने केंद्र सरकार पर साधा निशाना

Get real time updates directly on you device, subscribe now.