लालू परिवार में कलह और गहरी, तेज प्रताप ने छोटे भाई तेजस्वी और मीसा भारती को X पर किया अनफॉलो
Sandesh Wahak Digital Desk: राष्ट्रीय जनता दल (RJD) सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव के परिवार में आंतरिक कलह दिन-ब-दिन और बढ़ता जा रहा है। पार्टी और परिवार से बाहर चल रहे बड़े बेटे तेज प्रताप यादव ने अब अपने छोटे भाई तेजस्वी यादव और बड़ी बहन मीसा भारती को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ (पूर्व में ट्विटर) पर अनफॉलो कर दिया है।
फिलहाल, तेज प्रताप यादव अपने ‘एक्स’ हैंडल पर केवल अपने पिता लालू यादव, माँ राबड़ी देवी और बहन राज लक्ष्मी यादव को ही फॉलो कर रहे हैं। उनके इस कदम को यादव परिवार और RJD की एकजुटता के लिए एक बड़ी चुनौती के रूप में देखा जा रहा है।
तेज प्रताप यादव ने हाल ही में अपनी नई राजनीतिक पार्टी जन शक्ति जनता दल बनाने का ऐलान किया है और खुद को इसका राष्ट्रीय अध्यक्ष घोषित किया है। उन्होंने यह भी स्पष्ट कर दिया है कि वह आगामी बिहार विधानसभा चुनाव में उतरेंगे।

इससे पहले, तेज प्रताप ने सार्वजनिक तौर पर तेजस्वी यादव को पार्टी के भीतर मौजूद गद्दारों से सावधान रहने की सलाह दी थी, लेकिन अब सोशल मीडिया पर उन्हें अनफॉलो करके उन्होंने यह साफ़ संकेत दे दिया है कि परिवार में दूरियाँ बढ़ चुकी हैं।
वर्तमान में तेज प्रताप समस्तीपुर जिले की हसनपुर सीट से विधायक हैं, लेकिन उन्होंने घोषणा कर दी है कि वह इस बार महुआ विधानसभा सीट से चुनाव लड़ेंगे। उनके इस कदम से लालू परिवार की विरासत और RJD के वोट बैंक पर सीधा असर पड़ सकता है।
Also Read: सिद्धार्थनगर में 48 घंटे के भीतर चोरी का खुलासा, तीन आरोपी गिरफ्तार, ट्रक और कैश बरामद

