पटना एयरपोर्ट पर दूसरी बार मिले तेज प्रताप यादव और रवि किशन, हर हर महादेव के नारे से बढ़ी सियासी हलचल

Sandesh Wahak Digital Desk: बिहार विधानसभा चुनाव के बीच, राष्ट्रीय जनता दल (RJD) प्रमुख लालू प्रसाद यादव के बड़े बेटे तेज प्रताप यादव और अभिनेता से भाजपा सांसद बने रवि किशन की पटना हवाई अड्डे पर दूसरी बार हुई मुलाकात ने सियासी गलियारों में हलचल मचा दी है।

शनिवार को दोनों नेता पटना एयरपोर्ट पर मिले, जहाँ उन्हें मीडिया की नज़रों से दूर धीमी आवाज़ में बातचीत करते देखा गया। मुलाक़ात और संक्षिप्त बातचीत के बाद दोनों ने साथ में ‘हर हर महादेव’ का नारा भी लगाया।

पिछली मुलाकात के बाद उड़ी थीं अफवाहें

यह दोनों नेताओं की एयरपोर्ट पर दूसरी मुलाक़ात थी। इससे पहले हुई मुलाक़ात के बाद ऐसी अटकलें लगाई जा रही थीं कि तेज प्रताप यादव भाजपा में शामिल होने की संभावनाएँ तलाश रहे हैं। हालाँकि, इन अटकलों की अभी तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

रवि किशन का महागठबंधन पर हमला

मुलाक़ात के बाद रवि किशन ने मीडिया से बातचीत में महागठबंधन पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि 11 नवंबर को होने वाले दूसरे चरण के मतदान में ऐसा जनादेश आना चाहिए कि विपक्षी उम्मीदवारों की ज़मानत जब्त हो जाए। भाजपा सांसद ने दावा किया कि पहले चरण के मतदान के बाद माहौल पूरी तरह से NDA के पक्ष में है।

धमकी और हताशा का आरोप

रवि किशन ने महागठबंधन पर हमलावर होते हुए यह भी आरोप लगाया कि जब विपक्ष सत्ता में नहीं होता है, तब भी उन्हें धमकियाँ मिलती हैं। उन्होंने कटाक्ष करते हुए पूछा कि अगर वे सत्ता में आ गए तो क्या होगा। उन्होंने विपक्ष को हताश बताते हुए आरोप लगाया कि उन्होंने बिहार को बर्बाद कर दिया है। रवि किशन ने विश्वास जताया कि 14 नवंबर को परिणाम आने पर बिहार में डबल इंजन वाली सरकार बनेगी और राज्य नंबर वन बनने की ओर आगे बढ़ेगा।

Also Read: ‘SIR में हो रहे बदलाव पर रहें सतर्क’, सपा कार्यकर्ताओं से मतदाता सूची पर पैनी नज़र रखने का आह्वान

Get real time updates directly on you device, subscribe now.