बिहार की सियासत में नया मोड़, तेज प्रताप यादव कर सकते हैं नई पार्टी का ऐलान
Sandesh Wahak Digital Desk: बिहार के राजनीतिक गलियारों से एक बड़ी खबर सामने आ रही है। राष्ट्रीय जनता दल (RJD) सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव के बड़े बेटे तेज प्रताप यादव शुक्रवार को अपनी नई पार्टी का ऐलान कर सकते हैं। सूत्रों के अनुसार, वह शाम 5 बजे अपने आवास पर एक प्रेस कॉन्फ्रेंस करेंगे, जिसमें इस नई पार्टी या संगठन के बारे में विस्तृत जानकारी दी जा सकती है। यह खबर ऐसे समय में आई है, जब कुछ ही दिनों पहले उनके पिता लालू प्रसाद यादव ने उन्हें आरजेडी से छह साल के लिए निष्कासित कर दिया था, और साथ ही परिवार से भी दूर कर दिया था।
बिहार विधानसभा चुनाव में दिखाएंगे अपनी ताकत
इसी साल (2025) बिहार में विधानसभा चुनाव होने वाले हैं। तेज प्रताप यादव अभी वर्तमान में हसनपुर से विधायक हैं। इससे पहले, वह 2015 से 2020 तक महुआ से विधायक रह चुके हैं। प्रदेश में चुनावी माहौल गरमाया हुआ है, और ऐसे वक्त में जब उन्हें पार्टी से बाहर का रास्ता दिखा दिया गया है, तो माना जा रहा है कि वह अब अपनी अलग राह तलाश रहे हैं। ऐसी अटकलें हैं कि वह बिहार विधानसभा चुनाव में अपनी नई पार्टी के साथ अपनी ताकत दिखा सकते हैं।
पार्टी और परिवार से दूर होने की वजह
दरअसल, इस पूरे मामले की जड़ अनुष्का यादव से जुड़ी है। एक तरफ तेज प्रताप यादव का पहले से ही ऐश्वर्या राय के साथ तलाक का मामला चल रहा है, वहीं दूसरी ओर उन्होंने कुछ ही दिनों पहले सार्वजनिक तौर पर यह बता दिया था कि वह अनुष्का के साथ रिश्ते में हैं। जैसे ही उन्होंने यह जानकारी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ (पहले ट्विटर) के ज़रिए साझा की, उनके पिता लालू प्रसाद यादव ने उन पर कड़ी कार्रवाई करते हुए उन्हें पार्टी से छह साल के लिए निष्कासित कर दिया और परिवार से भी बाहर कर दिया।
Also Read: UP Crime News: AC रिपेयर के बहाने लूटपाट करने वाले दो बदमाश गिरफ्तार, सामान बरामद

