तेज प्रताप यादव को जान का खतरा, पूर्व प्रवक्ता के खिलाफ दर्ज कराई शिकायत
Sandesh Wahak Digital Desk: जन शक्ति जनता दल (JJD) के प्रमुख तेज प्रताप यादव ने अपनी सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंता जताई है। उन्होंने अपनी ही पार्टी के पूर्व राष्ट्रीय प्रवक्ता संतोष रेनू यादव पर जान से मारने की धमकी देने का सनसनीखेज आरोप लगाया है। तेज प्रताप ने इस मामले में पटना के सचिवालय थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है और बिहार के गृह मंत्री सम्राट चौधरी को पत्र लिखकर सुरक्षा की गुहार लगाई है।
पार्टी से निकाला तो शुरू हुआ विवाद
तेज प्रताप यादव का कहना है कि संतोष रेनू यादव को उनकी पार्टी विरोधी गतिविधियों और लोगों से पैसे वसूलने के आरोपों के चलते 14 दिसंबर 2025 को पार्टी से बाहर कर दिया गया था। तेज प्रताप के मुताबिक, संतोष पर आरोप है कि उन्होंने मोतिहारी के एक व्यक्ति से काम कराने के नाम पर हजारों रुपये लिए। जब उन्हें समझाया गया, तो उन्होंने झूठ बोला, जिसके बाद अनुशासन समिति ने उन्हें निष्कासित कर दिया।
निष्कासन के बाद से ही संतोष फेसबुक और यूट्यूब लाइव के जरिए तेज प्रताप के खिलाफ अभद्र भाषा का इस्तेमाल कर रहे हैं और उन्हें धमकियां दे रहे हैं। थाना प्रभारी को लिखे पत्र में तेज प्रताप ने साफ तौर पर कहा है कि जिस तरह की भाषा और धमकियों का इस्तेमाल किया जा रहा है, वह किसी भी सूरत में बर्दाश्त के काबिल नहीं है। उन्होंने पुलिस से मांग की है कि संतोष रेनू यादव के खिलाफ जल्द से जल्द कानूनी और कठोर कार्रवाई की जाए।
संतोष रेनू यादव आरोपों को झूठा बताया
दूसरी तरफ, आरोपी संतोष रेनू यादव ने भी फेसबुक लाइव आकर अपनी सफाई दी है। उन्होंने तेज प्रताप के आरोपों को पूरी तरह निराधार बताया। संतोष का कहना है कि विवाद तब शुरू हुआ जब उन्होंने सड़क हादसे में जान गंवाने वाले एक अन्य नेता के भाई के प्रति संवेदना व्यक्त की, जिसे बीजेपी से सांठगांठ समझ लिया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि एक कार्यकर्ता की पिटाई के मामले में तेज प्रताप उन पर दबाव बना रहे थे, जिसे मानने से इनकार करने पर उन्हें फंसाया जा रहा है।
Also Read: राष्ट्रपति ने वैभव सूर्यवंशी को राष्ट्रीय बाल पुरस्कार से नवाजा, महज 14 की उम्र में रचा इतिहास

