तेज प्रताप यादव ने बनाई नई पार्टी जनशक्ति जनता दल, महुआ सीट से लड़ेंगे चुनाव

Sandesh Wahak Digital Desk: राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के पूर्व नेता और लालू प्रसाद यादव के बड़े बेटे तेज प्रताप यादव ने बिहार विधानसभा चुनाव के लिए अपनी नई पार्टी की घोषणा कर दी है। उनकी इस नई पार्टी का नाम जनशक्ति जनता दल है और इसे चुनाव मैदान में उतारने की तैयारी है। पार्टी का चुनाव चिह्न ब्लैक बोर्ड (श्यामपट्ट) रखा गया है।

बिहार के संपूर्ण विकास के लिए लड़ेंगे लंबी लड़ाई

तेज प्रताप यादव ने अपने आधिकारिक एक्स हैंडल पर पार्टी का पोस्टर साझा करते हुए अपने इरादे साफ कर दिए। उन्होंने लिखा, हम लोग बिहार के संपूर्ण विकास के लिए पूरी तरह समर्पित और तत्पर हैं। हमारा मकसद बिहार में संपूर्ण बदलाव कर एक नई व्यवस्था का नव निर्माण करना है। हम लोग बिहार के संपूर्ण विकास के लिए लंबी लड़ाई लड़ने को तैयार हैं।

पोस्टर पर 5 महापुरुषों को जगह, लालू यादव नदारद

तेज प्रताप यादव ने जो पोस्टर लॉन्च किया है, उसमें उन्होंने 5 बड़े महापुरुषों और नेताओं महात्मा गांधी, बीआर अंबेडकर, राम मनोहर लोहिया, जय प्रकाश नारायण और कर्पूरी ठाकुर को जगह दी है।

गौरतलब है कि तेज प्रताप ने इस पोस्टर में अपने पिता और आरजेडी सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव को जगह नहीं दी है, जो राजनीति गलियारों में चर्चा का विषय बन गया है। पार्टी के पोस्टर पर नारा लिखा है, जन-जन की शक्ति, जन-जन का राज- बिहार का विकास करेंगे तेज प्रताप। पार्टी से जुड़ने के लिए एक मोबाइल नंबर भी जारी किया गया है।

महुआ से चुनाव लड़ने का दावा

तेज प्रताप यादव ने दावा किया है कि वह आगामी बिहार विधानसभा चुनाव अपनी पुरानी सीट महुआ विधानसभा से लड़ेंगे। उन्होंने कहा कि 2015 में वह यहाँ से चुनाव जीतकर आए थे और यह उनकी कर्मभूमि है। उनका दावा है कि अगर महुआ से कोई और चुनाव लड़ेगा तो जनता उसे हरा देगी।

तेज प्रताप यादव को मई महीने में उनके पिता लालू प्रसाद यादव ने परिवार और पार्टी से बाहर निकाल दिया था और उनसे सभी रिश्ते तोड़ने की घोषणा की थी। यह विवाद तब शुरू हुआ जब तेज प्रताप के फेसबुक अकाउंट से एक पोस्ट सामने आई, जिसमें उनके और अनुष्का के बीच पिछले 12 साल से रिलेशनशिप में होने का दावा किया गया था। इस घटना के बाद से ही लालू परिवार में विवाद चल रहा है।

Get real time updates directly on you device, subscribe now.