काशी विश्वनाथ मंदिर में वीडियो बनाकर बुरे फंसे तेज प्रताप यादव, जांच के आदेश
Sandesh Wahak Digital Desk: राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के नेता और लालू प्रसाद यादव के बेटे तेज प्रताप यादव एक बार फिर चर्चा में हैं। इस बार वो अपने किसी बयान या निजी जीवन को लेकर नहीं, बल्कि काशी विश्वनाथ मंदिर में एक वीडियो बनाने को लेकर सुर्खियों में आए हैं।
दरअसल, 12 जून को तेज प्रताप यादव काशी विश्वनाथ मंदिर में दर्शन करने गए थे। दर्शन के बाद जब वो मंदिर के मुख्य परिसर से बाहर निकल रहे थे, तभी उनका एक वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो गया। अब इसी वायरल वीडियो को लेकर मंदिर प्रशासन ने संज्ञान लिया है और जांच के आदेश जारी कर दिए हैं।
प्रतिबंधित क्षेत्र में बनाया वीडियो
काशी विश्वनाथ मंदिर के मुख्य कार्यपालक अधिकारी विश्व भूषण मिश्रा ने तेज प्रताप यादव के वायरल वीडियो को लेकर एक बयान जारी किया है। उन्होंने कहा है कि एक राजनेता का वायरल वीडियो संज्ञान में आया है, जबकि मंदिर का वो परिसर ‘रेड जोन’ प्रतिबंधित क्षेत्र है। उन्होंने यह भी बताया कि पहले भी किसी भक्त के निवेदन पर मंदिर प्रशासन का कोई व्यक्ति ही वहां उसकी तस्वीर लेता था। लेकिन इस तरह से वीडियो बनाने को लेकर जांच के आदेश दे दिए गए हैं। श्री काशी विश्वनाथ मंदिर के मुख्य परिसर में मंदिर प्रशासन के अलावा किसी भी व्यक्ति को मोबाइल कैमरा ले जाने की अनुमति नहीं है। इस संबंध में सीनियर पुलिस अधिकारियों को पत्र भी लिखा गया है।
वायरल वीडियो से चर्चा में आए तेज प्रताप
तेज प्रताप यादव 12 जून को वाराणसी पहुंचे थे, जहां उन्होंने काशी विश्वनाथ मंदिर और काल भैरव मंदिर में दर्शन-पूजन किया था। वो अपने समर्थकों के साथ श्री काशी विश्वनाथ मंदिर से बाहर निकल रहे थे और इसी दौरान बनाया गया वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। इस वीडियो के सामने आने के बाद से यह खूब चर्चा का विषय बन गया कि मंदिर के मुख्य परिसर में तेज प्रताप यादव ने इस तरह से रील वीडियो कैसे बनवाया। अब इसी मामले पर मंदिर प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है।
Also Read: UP News: परिवहन विभाग में बड़ा फेरबदल, 35 आरटीओ-एआरटीओ के तबादले, देखें पूरी सूची

