तेजस्वी की रैली में पीएम मोदी पर अभद्र टिप्पणी, उपमुख्यमंत्री ने जताई कड़ी नाराजगी

Sandesh Wahak Digital Desk: बिहार विधानसभा चुनाव की गहमागहमी के बीच सियासी बयानबाजी और तेज हो गई है। हाल ही में एक जनसभा के दौरान विपक्ष के नेता तेजस्वी प्रसाद यादव की मौजूदगी में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को लेकर एक विवादित टिप्पणी का मामला सामने आया है। इस घटना पर बिहार के उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा ने कड़ी नाराजगी जताई है और इसे जंगलराज की मानसिकता बताया है।

विजय कुमार सिन्हा ने एक वीडियो संदेश में कहा कि तेजस्वी यादव की सभा में प्रधानमंत्री का अपमान किया गया। उन्होंने कहा कि यह सिर्फ गाली-गलौज की राजनीति नहीं, बल्कि बिहार में गुंडाराज लाने की कोशिश है। सिन्हा ने आरोप लगाया कि तेजस्वी ऐसे लोगों को बढ़ावा दे रहे हैं और इसका आनंद ले रहे हैं, जिसे बिहार की जनता बिल्कुल भी बर्दाश्त नहीं करेगी। उन्होंने इसे लालू प्रसाद यादव के समय की मानसिकता बताया।

सिन्हा ने आगे कहा कि तेजस्वी की राजनीति में बार-बार प्रधानमंत्री की माता का अपमान किया जा रहा है, जो भारतीय संस्कृति के खिलाफ है। उन्होंने तेजस्वी को परिवारवादी सोच और बिहार को बदनाम करने की साजिश का हिस्सा बताया और उनसे बिहार और देश की जनता से माफी मांगने की मांग की।

वहीं, जेडीयू के राष्ट्रीय प्रवक्ता राजीव रंजन ने भी इस घटना की निंदा की। उन्होंने कहा कि तेजस्वी यादव और राहुल गांधी जिस तरह कार्यकर्ताओं को भड़का रहे हैं, उससे उनके समर्थकों से क्या उम्मीद की जा सकती है। उन्होंने कहा कि यह विपक्ष की हार का डर और हताशा है। अगर तेजस्वी यादव इस बयान से सहमत नहीं हैं, तो उन्हें माफी मांगनी चाहिए और अपने कार्यकर्ताओं पर कार्रवाई करनी चाहिए।

Also Read: ट्रंप की अफगानिस्तान को चेतावनी, बगराम एयरबेस वापस करो, वरना बुरा होगा

Get real time updates directly on you device, subscribe now.