तेजस्वी का नीतीश पर हमला, बोले- बिहार में कठपुतली सरकार, होली के बाद आंदोलन का ऐलान
Sandesh Wahak Digital Desk: बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। मंगलवार को जननायक कर्पूरी ठाकुर की पुण्यतिथि के अवसर पर आयोजित एक समारोह में तेजस्वी ने मुख्यमंत्री को ‘अचेत’ और ‘कठपुतली’ करार दिया। उन्होंने कहा कि यह बिहार का दुर्भाग्य है कि यहाँ नेतृत्व के नाम पर केवल दिखावा हो रहा है और असल में सत्ता की बागडोर कुछ भ्रष्ट अधिकारियों के हाथों में है।
तेजस्वी ने सरकार से सीधे सवाल पूछते हुए कहा कि विकास की बातें केवल कागजों पर हो रही हैं। उन्होंने पूछा, पिछले 100 दिनों में बिहार में कितने नए कारखाने लगे? कितने युवाओं को रोजगार मिला? मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना के तहत क्या सच में महिलाओं को 1.90 लाख रुपए मिले? तेजस्वी ने आरोप लगाया कि सरकार केवल जनता की आंखों में धूल झोंकने का काम कर रही है।
प्रशासनिक अधिकारियों पर निशाना साधते हुए तेजस्वी ने कहा कि पुलिस और प्रशासन मिलकर आरजेडी के कार्यकर्ताओं को प्रताड़ित कर रहे हैं। उन्होंने चेतावनी भरे लहजे में कहा, राजद कमजोर नहीं है, समय कमजोर है। जब हमारा समय आएगा, तो मतदाताओं को डराने और कार्यकर्ताओं को परेशान करने वालों को माकूल जवाब दिया जाएगा।
Also Read: वोटर लिस्ट पर छिड़ा बवाल: अखिलेश ने मांगा चुनाव आयोग से समय, केशव बोले- सपा का काम भाजपा नहीं करेगी

