‘तेजस्वी यादव की बनेगी सरकार’, बिहार चुनाव रिजल्ट पर अखिलेश यादव का दावा

Sandesh Wahak Digital Desk: समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने गुरुवार को बरेली में पत्रकारों से बात करते हुए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर तीखा हमला बोला। बहेड़ी विधायक अताउर रहमान की बेटी की शादी में शामिल होने पहुंचे अखिलेश यादव ने एग्जिट पोल में दिख रही एनडीए की जीत को सिरे से खारिज कर दिया।

एग्जिट पोल पर फिर उठाए सवाल

अखिलेश यादव ने बिहार विधानसभा चुनाव के नतीजों पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने दावा किया “शुक्रवार को वोटिंग की गिनती शुरू होने के साथ ही एग्जिट पोल के सभी नतीजे धराशाई हो जाएंगे। बिहार में तेजस्वी यादव की ही सरकार बनेगी।”

सपा प्रमुख ने लोकसभा चुनाव का ज़िक्र करते हुए आरोप लगाया कि पिछली बार भाजपा ने अपने हिसाब से अधिकारियों की पोस्टिंग कराई थी और अधिकारियों ने भाजपा के एजेंट बनकर वोटिंग कराई थी, जिसके कारण लाखों लोग वोट डालने से वंचित रह गए।

उन्होंने चुनाव आयोग पर भी गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि धांधली को लेकर कई बार शिकायत करने के बावजूद चुनाव आयोग ने कोई ध्यान नहीं दिया। अखिलेश ने आरोप लगाया कि उत्तर प्रदेश में एसआईआर (SIR) का काम शुरू करके भाजपा ने सभी राजनीतिक पार्टियों को तीन महीने के लिए उलझा दिया है।

कार्यकर्ताओं को निर्देश और चुनावी घोषणा

प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान अखिलेश यादव ने सपा कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए उन्हें ‘पीडीए प्रहरी’ बनकर हर वोट की रक्षा करने और यह सुनिश्चित करने का निर्देश दिया कि किसी का वोट बनने से न छूटे। उन्होंने उम्मीद जताई कि इस बार चुनाव आयोग ‘भाजपा का आयोग’ बनकर नहीं रहेगा। अखिलेश यादव ने बरेली के लिए आगामी चुनाव में समाजवादी पार्टी का अलग मेनिफेस्टो तैयार करने की घोषणा भी की।

भगदड़ और अव्यवस्था

इससे पहले, सपा जिलाध्यक्ष अगम मौर्य के आवास पर अखिलेश यादव के आने पर उनसे मिलने और हाथ मिलाने के प्रयास में जुटी भीड़ अनियंत्रित हो गई। इस भगदड़ और धक्कामुक्की में एक सिपाही और सपा की एक कार्यकत्री समेत कई लोग गिरकर घायल हो गए, जिससे पुलिस को भीड़ नियंत्रित करने में भारी मशक्कत करनी पड़ी।

Also Read: बाराबंकी की अवैध पटाखा फैक्ट्री में भीषण धमाका, 2 लोगों की मौत, 3 की हालत गंभीर

Get real time updates directly on you device, subscribe now.