मतदाता सूची में गड़बड़ी पर तेजस्वी यादव बोले- सुप्रीम कोर्ट जाएंगे
Sandesh Wahak Digital Desk: बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने मंगलवार को एक बड़ा बयान दिया। उन्होंने कहा कि अगर बिहार की मतदाता सूची में चल रही गड़बड़ियों को ठीक नहीं किया गया, तो हम सुप्रीम कोर्ट का दरवाजा खटखटाएंगे। तेजस्वी यादव ने आरोप लगाया कि यह सिर्फ किसी एक पार्टी का नहीं, बल्कि लोकतंत्र को बचाने का सवाल है।
पत्रकारों से बातचीत के दौरान तेजस्वी ने दावा किया कि ड्राफ्ट वोटर लिस्ट में बड़े पैमाने पर धांधली हुई है। उन्होंने कहा कि मृतकों के नाम लिस्ट में जोड़ दिए गए हैं, जबकि कुछ खास समुदायों के नाम जानबूझकर हटा दिए गए हैं।
चुनाव आयोग को देंगे सबूत
तेजस्वी ने इस बात की पुष्टि की कि उन्हें चुनाव आयोग से नोटिस मिला है और वह उसका जवाब देंगे। उन्होंने कहा, जवाब दिया जाएगा। हम गायब हुए नामों की एक पूरी लिस्ट सबूत के साथ चुनाव आयोग को सौंपेंगे और जरूरत पड़ने पर इसे अदालत में भी पेश करेंगे।
उन्होंने सवाल उठाया कि जब हम अपनी चिंताएं उठा रहे हैं, तो चुनाव आयोग हमारी गंभीर और वैध चिंताओं का जवाब क्यों नहीं दे रहा है? महागठबंधन की विपक्षी पार्टियों ने भी यही आरोप लगाया है कि कुछ जिलों में चुनाव आयोग सरकार के दबाव में मतदाता सूची में हेरफेर कर रहा है।
तेजस्वी ने चुनाव आयोग से अपील करते हुए कहा कि अगर वह नेताओं से जवाबदेही की उम्मीद करता है, तो उसे भी जनता की शिकायतों के प्रति पारदर्शी और जिम्मेदार होना चाहिए। उन्होंने कहा कि यह संविधान और लोकतंत्र के भविष्य का सवाल है।
Also Read: Lucknow News: फाह सुपर स्पेशलिटी हॉस्पिटल में स्तनपान सप्ताह का हुआ आगाज

