तेजस्वी यादव का BJP पर बड़ा हमला, गुजरात के नेता भी बिहार में बन रहे वोटर

Sandesh Wahak Digital Desk: बिहार में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर सियासी घमासान थमने का नाम नहीं ले रहा है। विधानसभा में विपक्ष के नेता तेजस्वी यादव ने एक बार फिर बीजेपी पर हमला बोला और आरोप लगाया कि बीजेपी, चुनाव आयोग के साथ मिलकर गरीबों का वोट देने का अधिकार छीन रही है।

गुजरात के नेता का भी नाम बिहार की लिस्ट में

प्रेस कॉन्फ्रेंस में तेजस्वी यादव ने चौंकाने वाला दावा करते हुए कहा कि बीजेपी के गुजरात के एक नेता भीखूभाई का नाम भी पटना की मतदाता सूची में जुड़ गया है। हालांकि, उन्होंने यह भी बताया कि भीखूभाई ने गुजरात में अपना नाम कटवा लिया है।

तेजस्वी ने मुजफ्फरपुर की मेयर निर्मला देवी पर भी निशाना साधा और आरोप लगाया कि उनके पास एक ही विधानसभा क्षेत्र में दो अलग-अलग वोटर आईडी कार्ड हैं। उन्होंने कहा कि निर्मला देवी के साथ-साथ उनके रिश्तेदारों के पास भी दो-दो वोटर आईडी हैं। तेजस्वी ने कहा कि इन सब से पता चलता है कि मतदाता सूची में कितनी लापरवाही बरती जा रही है।

विजय सिन्हा का नाम भी मेरी वजह से कटा

उप मुख्यमंत्री विजय सिन्हा पर हमला बोलते हुए तेजस्वी ने कहा कि अगर उन्होंने खुलासा नहीं किया होता, तो विजय सिन्हा का नाम भी मतदाता सूची से नहीं कटता। उन्होंने सवाल उठाया कि जब सिन्हा ने पटना और लखीसराय, दोनों जिलों में अपराध किया, तो नोटिस सिर्फ एक जिले से क्यों आया?

तेजस्वी ने कहा कि विपक्ष लगातार चुनाव आयोग की कमजोरियों को सामने ला रहा है, लेकिन अभी तक आयोग ने कोई प्रेस कॉन्फ्रेंस नहीं की। उन्होंने साफ शब्दों में कहा, बिहार लोकतंत्र की जननी है और हम यहां लोकतंत्र को मरने नहीं देंगे।

Also Read: शिवपाल का योगी सरकार पर हमला: “2047 का सपना, बेरोजगारों को सिर्फ आशा”

Get real time updates directly on you device, subscribe now.