‘बिहार में बनेगी तेजस्वी यादव की सरकार’, यूपी के मंत्री ओपी राजभर का बड़ा दावा
Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश की योगी सरकार में कैबिनेट मंत्री और एनडीए सहयोगी सुभासपा के अध्यक्ष ओम प्रकाश राजभर (ओपी राजभर) ने बिहार विधानसभा चुनाव के नतीजों को लेकर एक बड़ा राजनीतिक दावा किया है। राजभर ने सोमवार को कहा कि बिहार में राष्ट्रीय जनता दल (राजद) अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव के बेटे तेजस्वी यादव के नेतृत्व में सरकार बनने जा रही है और एनडीए सत्ता से बाहर हो जाएगा।
ओपी राजभर के दावे का आधार
राजभर ने अपने दावे के पीछे उच्च मतदान प्रतिशत को मुख्य कारण बताया है। उन्होंने तर्क दिया “बिहार में जब भी 60 प्रतिशत के ऊपर वोटिंग हुई है, तब-तब राजद की सरकार बनी है। इस बार भी पहले चरण में 65% के करीब मतदान हुआ है। इसलिए इस बार भी राजद की सरकार बननी चाहिए।”
राजभर ने ऐतिहासिक आंकड़ों का भी हवाला दिया।
- 1990: लालू यादव पहली बार सत्ता में आए, मतदान 62.04% था।
- 1995: उनकी सत्ता बरकरार रही, मतदान 61.79% था।
- 2000: लालू की सत्ता में वापसी हुई, मतदान 62.57% तक पहुंचा था।
‘जनता चुपचाप है, नेता केवल बोल रहे हैं’
राजभर ने बिहार के चुनावी माहौल पर टिप्पणी करते हुए कहा कि वहां स्थिति “बहुत घाचपेच” (जटिल) है। उन्होंने कहा कि ओवैसी राजद के खिलाफ लड़ रहे हैं और प्रशांत किशोर (पीके) सभी के खिलाफ हैं। राजभर ने ज़ोर देकर कहा कि “जनता का मन-मिजाज कोई नहीं भांप पा रहा है। जनता चुपचाप है और नेता केवल बोल रहे हैं।”
बिहार विधानसभा चुनाव के दो चरणों में से दूसरे चरण का मतदान 11 नवंबर को होना है, जिसके बाद ही पूरी वोटिंग की तस्वीर साफ हो पाएगी।
Also Read: Lucknow News: अफसर ने दी ‘ज़िन्दगी बर्बाद’ करने की धमकी, भाकियू का विरोध-प्रदर्शन शुरू

