‘तेजस्वी फेलस्वी हो गए’, हार के बाद तेज प्रताप यादव का तीखा बयान, ‘जयचंदों’ को ठहराया जिम्मेदार
Sandesh Wahak Digital Desk: बिहार विधानसभा चुनाव के अंतिम परिणामों में NDA गठबंधन ने भारी बहुमत हासिल कर लिया है, जिससे महागठबंधन को करारा झटका लगा है। इसी क्रम में, मोकामा विधानसभा सीट पर जनशक्ति जनता दल के अध्यक्ष और लालू प्रसाद यादव के बड़े बेटे तेज प्रताप यादव को हार का सामना करना पड़ा है, जहां लोक जनशक्ति पार्टी (LJP) के संजय कुमार सिंह ने जीत दर्ज की है।
हार के बाद तेज प्रताप यादव ने अपने फेसबुक पोस्ट के माध्यम से परिणामों को स्वीकार करते हुए अपनी पार्टी और RJD की हार के लिए तीखे शब्दों में आंतरिक विरोधियों पर निशाना साधा है।
RJD की हार पर ‘जयचंद’ कनेक्शन
तेज प्रताप यादव ने जनादेश को स्वीकार करते हुए कहा, “हमारी हार में भी जनता की जीत छिपी है। आज के परिणामों को मैं जनादेश के रूप में स्वीकार करता हूँ।” हालांकि, उन्होंने अपनी हार और RJD के कमजोर प्रदर्शन के लिए पार्टी के भीतर के लोगों को जिम्मेदार ठहराया:
“ये जयचंदों की करारी हार है… इन जयचंदों ने RJD को भीतर से खोखला कर दिया, बर्बाद कर दिया। इसी वजह से आज तेजस्वी फेलस्वी हो गया।” उन्होंने RJD के उन नेताओं पर हमला किया “जिन्होंने अपनी कुर्सी और अपनी राजनीति बचाने के लिए अपने ही घर को आग लगा दी,” और कहा कि इतिहास उन्हें कभी माफ नहीं करेगा।
कांग्रेस पर भी निशाना
तेज प्रताप यादव ने अपनी भविष्यवाणी दोहराते हुए कांग्रेस पार्टी पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि “हमने पहले ही कहा था इस चुनाव के बाद बिहार से कांग्रेस खत्म हो जाएगी और आज कहना नहीं, साफ-साफ दिख भी गया।”
जनता के प्रति प्रतिबद्धता
अपनी हार को स्वीकार करते हुए भी उन्होंने कहा कि “मैं तो हारकर भी जीता हूँ, क्योंकि मेरे साथ जनता का प्रेम, विश्वास और आशीर्वाद खड़ा है।” उन्होंने मोकामा की जनता से किए गए वादे पूरे करने की प्रतिबद्धता जताई, भले ही वह विधायक न बन पाए हों। अंत में, उन्होंने कहा कि बिहार ने सुशासन की सरकार चुनी है और वह जनता के हित में हर कदम पर रचनात्मक भूमिका निभाते रहेंगे।

