तेलंगाना: केमिकल फैक्ट्री में भीषण धमाका, 8 की मौत, दर्जनों घायल

Sandesh Wahak Digital Desk: तेलंगाना के संगारेड्डी जिले में सोमवार को एक केमिकल फैक्ट्री में भीषण विस्फोट हुआ, जिसमें कम से कम 8 लोगों की मौत हो गई, जबकि 15 से अधिक लोग घायल हुए हैं। हादसा इतना जोरदार था कि आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

पासमैलारम फेज-1 में स्थित सिगाची फार्मा कंपनी में हुआ धमाका

यह हादसा पासमैलारम फेज-1 क्षेत्र में स्थित सिगाची फार्मा कंपनी में हुआ, जहां केमिकल रिएक्टर में अचानक विस्फोट हो गया। विस्फोट के बाद फैक्ट्री में आग लग गई, जिसे बुझाने के लिए 11 दमकल गाड़ियां मौके पर भेजी गईं। आग पर काबू पाने का काम देर शाम तक जारी रहा।

घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया

हादसे में घायल सभी लोगों को तत्काल संगारेड्डी के सरकारी अस्पताल और नजदीकी निजी मेडिकल सेंटरों में भर्ती कराया गया है। कुछ घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है। संगारेड्डी के पुलिस अधीक्षक परितोष पंकज ने बताया हादसे के बाद बचाव अभियान तेज़ी से चलाया जा रहा है। अभी तक घटनास्थल से शवों को निकालने का कार्य चल रहा है। विस्तृत जानकारी जल्द दी जाएगी।

कारण का अब तक नहीं चला पता

फिलहाल विस्फोट की असली वजह सामने नहीं आई है। केमिकल रिएक्टर में तकनीकी खराबी, लापरवाही या सुरक्षा मानकों के उल्लंघन की आशंका जताई जा रही है, लेकिन अधिकारियों ने पुष्टि नहीं की है। मामले की जांच शुरू कर दी गई है।

स्थानीय प्रशासन और फायर डिपार्टमेंट अलर्ट पर

तेलंगाना फायर डिपार्टमेंट ने पुष्टि की कि 11 फायर ब्रिगेड यूनिट्स घटनास्थल पर पहुंचकर राहत और बचाव कार्य में जुटी हैं। अधिकारियों ने आसपास के क्षेत्रों को सुरक्षित खाली करा दिया है और फैक्ट्री की अन्य इकाइयों को अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया है।

इस दर्दनाक हादसे ने न सिर्फ कई परिवारों को उजाड़ दिया है, बल्कि फैक्ट्री की सुरक्षा व्यवस्था और निगरानी तंत्र पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। प्रशासन ने जांच के आदेश दे दिए हैं और वादा किया है कि दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा। घायलों के इलाज और मृतकों के परिजनों को मदद पहुंचाने का कार्य प्राथमिकता पर है।

Also Read: बागपत में यूपी एसटीएफ और पुलिस के साथ मुठभेड़, एनकाउंटर में बदमाश ढेर

Get real time updates directly on you device, subscribe now.