लखनऊ के बुद्धेश्वर मंदिर में घंटा चुराते रंगेहाथ पकड़ा गया सेवादार

Lucknow News: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के पारा थाना क्षेत्र में स्थित ऐतिहासिक व प्रसिद्ध बुद्धेश्वर मंदिर से एक बेहद शर्मनाक मामला प्रकाश में आया है। मंदिर की व्यवस्थाओं को सुचारू रूप से चलाने की जिम्मेदारी जिस सेवादार पर थी, वही पिछले कई दिनों से परिसर से कीमती पीतल के घंटे गायब कर रहा था। लगातार हो रही चोरियों से तंग आकर जब मंदिर प्रशासन और स्थानीय लोगों ने निगरानी बढ़ाई, तो आरोपी सेवादार रंगेहाथ दबोच लिया गया। वह एक झोले में दर्जनों चोरी के घंटे भरकर ले जाने की फिराक में था। मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत पुलिस बुलाकर आरोपी को उनके हवाले कर दिया।

श्रृंगार आरती की आड़ में करता था चोरी

पकड़े गए आरोपी सेवादार की पहचान गोलू उर्फ गौरव के रूप में हुई है, जो मंदिर में श्रृंगार आरती की व्यवस्थाओं की देखरेख भी करता था। स्थानीय निवासियों को अंदेशा है कि मंदिर से पहले भी गायब हुए घंटों के पीछे इसी का हाथ था।

घटना के बाद सनी, विशाल और राकेश सहित कई स्थानीय लोगों ने पारा थाने में आरोपी के खिलाफ नामजद लिखित शिकायत दर्ज कराई है। चूंकि इस मंदिर की देखरेख की जिम्मेदारी जिला प्रशासन के अधीन है, इसलिए मामले को गंभीरता से लेते हुए पारा थाना पुलिस ने बरामद सामान और साक्ष्यों के आधार पर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

Also Read: पीएम मोदी-अल्बनीज वार्ता में ऐतिहासिक सांस्कृतिक फैसला, भारत की तीन प्राचीन धरोहरों को लौटाएगा ऑस्ट्रेलिया

Get real time updates directly on you device, subscribe now.