Rudraprayag Accident: टेंपो ट्रैवलर अलकनंदा में गिरी, 2 की मौत, 9 लापता, रेस्क्यू जारी

Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग जिले में एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा हो गया। ऋषिकेश-बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर घोलतीर के पास एक टेंपो ट्रैवलर गाड़ी गहरी खाई में गिरकर अलकनंदा नदी में समा गई। हादसे के वक्त वाहन में कुल 19 लोग सवार थे। अब तक मिली जानकारी के मुताबिक 2 यात्रियों की मौत हो चुकी है, 9 लोग लापता हैं और 9 को सुरक्षित बचा लिया गया है।

हादसे का मंजर

हादसे में घायल ड्राइवर समित ने अस्पताल में बताया कि वे सभी केदारनाथ से दर्शन कर लौट रहे थे और रात रुद्रप्रयाग में रुकने के बाद सुबह बद्रीनाथ के लिए रवाना हुए थे। वाहन में 17 यात्री, 1 गाइड और 1 ड्राइवर मौजूद थे। रास्ते में एक ट्रक ने उनकी टेंपो ट्रैवलर को टक्कर मार दी, जिससे वाहन अनियंत्रित होकर खाई में जा गिरा और सीधा अलकनंदा नदी में समा गया।

चश्मदीदों की ज़ुबानी

मौके पर मौजूद लोगों के अनुसार, 7 यात्री गिरते वक्त गाड़ी के ऊपर से छिटक कर सड़क किनारे आ गिरे, जिन्हें फौरन बचा लिया गया। जबकि बाकी लोग गाड़ी के साथ नदी में बह गए। फिलहाल बचाए गए सभी घायलों का इलाज जिला अस्पताल में किया जा रहा है और उनकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।

प्रशासन का रेस्क्यू ऑपरेशन जारी

जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंदन सिंह रजवार ने बताया कि अब तक कुल 9 लोगों को रेस्क्यू किया गया है, जिनमें से एक की मौत हो चुकी है। नदी में समाए वाहन और लापता लोगों की तलाश के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन लगातार जारी है। अधिकारी ने यह भी जानकारी दी कि यह टेंपो ट्रैवलर राजस्थान के उदयपुर से आई थी और बद्रीनाथ की ओर जा रही थी।

पुलिस मुख्यालय से भी मिली पुष्टि

आईजी नीलेश आनंद भरणे ने बताया कि प्रारंभिक जानकारी के अनुसार वाहन में 18 लोग सवार थे और यह घोलतीर क्षेत्र में अनियंत्रित होकर नदी में गिर गई। लापता लोगों की तलाश के लिए एनडीआरएफ, एसडीआरएफ और स्थानीय पुलिस की टीमें संयुक्त रूप से सर्च ऑपरेशन चला रही हैं।

Also Read: MVVNL का बड़ा फैसला: 30 जून के बाद नहीं मिलेगा आउटसोर्स कर्मचारियों को वेतन, सभी संविदा सेवाएं होंगी खत्म!

Get real time updates directly on you device, subscribe now.