बहराइच में दहशत खत्म: वन विभाग के शूटरों ने भेड़िए को मारी गोली, सुबह मासूम को घर से उठा कर भागा था

Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश के बहराइच जिले की कैसरगंज तहसील में वन विभाग को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। यहाँ रविवार की सुबह घर से एक डेढ़ साल की मासूम बच्ची को उठाकर ले भागे मादा भेड़िये को वन विभाग के शूटर ने गोली मार दी, जिससे उसकी मौत हो गई और इलाके में दहशत ख़त्म हुई।

रविवार की सुबह कैसरगंज तहसील के कंदौली ग्राम में एक भेड़िया घर में सो रही डेढ़ साल की मासूम बच्ची को उठाकर ले भागा था। वन विभाग और ग्रामीण तभी से लगातार उसकी तलाश कर रहे थे।

घटनास्थल से क़रीब चार किलोमीटर दूर, मंझारा तौकली के बभनन पुरवा में ग्रामीणों ने भेड़िये को देखा, जिसकी सूचना तत्काल वन विभाग को दी गई। सूचना मिलते ही उप जिलाधिकारी अखिलेश सिंह, रेंजर ओंकार यादव और शूटर आरिश के साथ मौक़े पर पहुँचे।

टीम ने ड्रोन की मदद से गन्ने के खेत में छिपे भेड़िये की लोकेशन का पता लगाया। लोकेशन मिलते ही शूटर आरिश ने भेड़िये को गोली मार दी, जिससे उसकी मौत हो गई। उप जिलाधिकारी कैसरगंज ने पुष्टि की है कि मारा गया जानवर एक मादा भेड़िया है। इस कार्रवाई से कैसरगंज क्षेत्र में वन्यजीवों की दहशत को कम करने में वन विभाग को बड़ी कामयाबी मिली है।

Also Read: गोण्डा BSA के ख़िलाफ़ FIR का आदेश: 2.25 करोड़ की रिश्वत मांगने का आरोप, एंटी करप्शन कोर्ट ने दिए निर्देश

Get real time updates directly on you device, subscribe now.