दिल्ली ब्लास्ट के बाद आतंकी नेटवर्क पर शिकंजा, लखनऊ में महिला डॉक्टर शाहीन के घर छापेमारी, 3 हिरासत में
Sandesh Wahak Digital Desk: दिल्ली के लाल किले के पास हुए विस्फोट के बाद देश की सुरक्षा एजेंसियां हाई अलर्ट पर हैं और फरीदाबाद आतंकी मॉड्यूल से जुड़ी कड़ियों को तेज़ी से तलाश रही हैं। जम्मू-कश्मीर पुलिस और एटीएस की संयुक्त टीमों ने उत्तर प्रदेश के दो प्रमुख शहरों लखनऊ और सहारनपुर में बड़ी कार्रवाई की है।

सहारनपुर में आदिल अहमद का नेटवर्क निशाने पर
सहारनपुर में आतंक नेटवर्क की कड़ियों को तलाशने के लिए मंगलवार को बड़ा कदम उठाया गया। सहारनपुर के फेमस मेडिकेयर हॉस्पिटल में कार्यरत रहे डॉ. आदिल अहमद (मूल निवासी: अनंतनाग, जम्मू-कश्मीर) के नेटवर्क की जांच की जा रही है। आदिल पर श्रीनगर में आतंकी संगठन जैश-ए-मोहम्मद के समर्थन में पोस्टर लगाने और नेटवर्क मजबूत करने के गंभीर आरोप हैं।
तीन करीबी हिरासत में: एटीएस ने डॉ. आदिल के बेहद करीबी तीन लोगों को हिरासत में लिया है और उन्हें गोपनीय स्थान पर पूछताछ के लिए ले जाया गया है। डॉ. आदिल की निशानदेही पर पहले उसके घर से AK-47 राइफल बरामद हुई थी। जांच में सामने आया है कि डॉ. आदिल ने ‘सोशल कनेक्ट के नाम पर घुसपैठ’ के तौर पर सहारनपुर में स्थानीय लोगों के बीच अपना नेटवर्क मजबूत करने की कोशिश की थी।

लखनऊ और फरीदाबाद कनेक्शन
फरीदाबाद में आतंकी गतिविधियों में गिरफ्तार महिला डॉक्टर शाहीन शाहिद के लखनऊ स्थित घर पर भी पुलिस व एटीएस की टीमों ने छापेमारी की है। डॉ. शाहीन का घर लखनऊ के खंदारी बाजार में स्थित है। शाहीन फरीदाबाद के अल फलाह यूनिवर्सिटी से एमबीबीएस की पढ़ाई कर रहे डॉ. मुज्जमिल अहमद से जुड़ी हुई थीं, जिसे 30 अक्टूबर को गिरफ्तार किया गया था।

मुजम्मिल के पास मिली कार से एके-47 मिली थी, जो बाद में डॉ. शाहीन की निकली, जिसके बाद शाहीन को पकड़ा गया। राजधानी लखनऊ के मड़ियांव में डॉ. शाहीन के भाई डॉ. परवेज अहमद अंसारी के घर पर भी जम्मू-कश्मीर पुलिस और एटीएस ने दबिश दी। हालांकि, डॉक्टर परवेज मौके पर नहीं मिला। शाहीन के पिता सईद अंसारी ने मीडिया को बताया कि शाहीन काफी समय पहले घर से चली गई थी और फरीदाबाद में नौकरी करती थी।

यूपी में हाई अलर्ट
दिल्ली विस्फोट के बाद यूपी में हाई अलर्ट जारी है। डीजीपी के निर्देश पर सभी वरिष्ठ पुलिस अधिकारी संवेदनशील स्थलों और सीमावर्ती इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत कर रहे हैं। लखनऊ समेत कई जिलों में संदिग्धों की तलाश में लगातार छापेमारी जारी है।
Also Read: NIA को सौंपी गई दिल्ली लाल किला विस्फोट मामले की जाँच, अब तक 12 की मौत

