Balrampur News: आवारा पशु बने मुसीबत, सड़क पर खतरा और फसलें कर रहे बर्बाद

Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश के बलरामपुर जिले में आवारा पशुओं का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। तुलसीपुर-जरवा मुख्य मार्ग पर सेमरी गांव के पास और कई अन्य जगहों पर छुट्टा पशुओं के झुंड घूमते रहते हैं। इससे राहगीर लगातार दुर्घटनाओं का शिकार हो रहे हैं, वहीं किसानों की मेहनत से उगाई गई फसलें भी बर्बाद हो रही हैं।

सड़कों पर खतरा, खेतों में नुकसान

स्थानीय लोगों के अनुसार, ये आवारा जानवर झुंड में सड़कों और खेतों में घूमते रहते हैं। जब एक झुंड फसल चर जाता है, तो दूसरा आकर बची हुई फसल को भी चट कर जाता है। सड़कों पर इन जानवरों के बैठने की वजह से अक्सर बाइक सवार और दूसरे वाहन चालक गिरकर घायल हो जाते हैं। ग्रामीणों ने बताया कि कई बार ये जानवर आपस में लड़ने लगते हैं, जिससे वाहनों और दुकानों को भी नुकसान पहुँचता है। इस वजह से रोज़ाना जान-माल का नुकसान हो रहा है।

गौशालाएँ हैं, फिर भी नहीं लिया जा रहा एक्शन

ग्रामीणों ने इस स्थिति पर हैरानी जताई है कि इलाके में मनकौरा काशीराम और प्रतापपुर लुधौरी में बड़ी-बड़ी गौशालाएँ होने के बावजूद इन जानवरों को वहाँ नहीं भेजा जा रहा है। लोगों ने प्रशासन से जल्द से जल्द इन पशुओं को गौशालाओं में पहुँचाने की मांग की है ताकि उन्हें राहत मिल सके।

इस मामले पर खंड विकास अधिकारी नंद किशोर पांडे ने आश्वासन दिया है कि गौशाला संचालकों को सख्त निर्देश दिए जाएँगे कि वे अपने-अपने क्षेत्र के आवारा पशुओं को गौशालाओं में रखें। हालाँकि, लोग बताते हैं कि प्रशासन इस समस्या पर ज्यादा ध्यान नहीं दे रहा है। जब इस मामले में जिला पंचायत राज अधिकारी श्रेया उपाध्याय से संपर्क करने की कोशिश की गई, तो उनसे बात नहीं हो सकी।

रिपोर्ट : योगेंद्र त्रिपाठी

 

Also Read: Kanpur News: रेलवे स्टेशन पर डीआरएम ने किया निरीक्षण, विकास कार्यों में तेजी के निर्देश

Get real time updates directly on you device, subscribe now.