पाकिस्तान सेना पर बड़ा आतंकी हमला, लेफ्टिनेंट कर्नल और मेजर समेत 11 सैनिक शहीद, इस संगठन ने ली जिम्मेदारी

Sandesh Wahak Digital Desk: पाकिस्तान की सेना पर एक बड़ा और घातक हमला हुआ है। खैबर पख्तूनख्वा प्रांत के ओरकजई जिले में सुरक्षा बलों और आतंकवादियों के बीच हुई भीषण मुठभेड़ में लेफ्टिनेंट कर्नल और मेजर समेत 11 पाकिस्तानी सैनिक मारे गए हैं। इस हमले की जिम्मेदारी पाकिस्तान तालिबान (तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान, TTP) ने ली है।

सेना की मीडिया शाखा इंटर-सर्विसेज पब्लिक रिलेशंस (ISPR) ने एक बयान में बताया कि 7-8 अक्टूबर की रात को फितना अल-खवारिज (जो कि TTP के लिए इस्तेमाल किया जाता है) से जुड़े आतंकवादियों की मौजूदगी की सूचना पर यह अभियान चलाया गया था।

19 आतंकी मारे गए, इलाक़े में तलाशी अभियान जारी

पाकिस्तानी सेना के अनुसार, ओरकजई जिले में सुरक्षा बलों और आतंकवादियों के बीच हुई भीषण गोलीबारी में 19 आतंकवादी भी मारे गए हैं। बयान में कहा गया है कि इलाके में किसी भी अन्य आतंकवादी को खत्म करने के लिए व्यापक तलाशी अभियान चलाया जा रहा है। यह ओरकजई क्षेत्र अफगानिस्तान की सीमा से सटा हुआ है, जहाँ TTP और अन्य आतंकवादी समूह अक्सर सक्रिय रहते हैं।

खैबर पख्तूनख्वा सबसे अधिक प्रभावित क्षेत्र

सेंटर फॉर रिसर्च एंड सिक्योरिटी स्टडीज (CRSS) के हालिया आंकड़े बताते हैं कि 2025 की तीसरी तिमाही में पाकिस्तान में खैबर पख्तूनख्वा सबसे बुरी तरह प्रभावित क्षेत्र रहा है। देश में हिंसा से जुड़ी कुल मौतों में से लगभग 71 प्रतिशत (638) इसी प्रांत में हुईं।

Also Read: बाराबंकी में STF का बड़ा एक्शन, भाड़े पर हत्या करने वाले 3 शातिर बदमाश गिरफ्तार

Get real time updates directly on you device, subscribe now.