कार लेकर संसद भवन के करीब तक पहुंचा था आतंकी उमर, कनॉट प्लेस का CCTV फुटेज आया सामने

Sandesh Wahak Digital Desk: दिल्ली कार ब्लास्ट मामले में जाँच एजेंसियों के हाथ एक और अहम सीसीटीवी फुटेज लगा है, जिससे पता चला है कि आत्मघाती हमलावर आतंकी उमर मोहम्मद विस्फोटकों से भरी कार लेकर दिल्ली के बेहद संवेदनशील इलाकों में बेखौफ घूम रहा था। पुलिस सूत्रों के अनुसार, यह नया फुटेज कनॉट प्लेस के आउटर सर्किल का है।

फुटेज में उमर को दोपहर लगभग 2:05 बजे विस्फोटकों से लदी आई-20 कार चलाते हुए देखा गया। कनॉट प्लेस से संसद भवन की दूरी महज तीन किलोमीटर के आसपास है, जो एक बड़े खतरे की ओर इशारा करता है। कनॉट प्लेस से निकलने के बाद, वह मयूर विहार और फिर लाल किला इलाके की ओर बढ़ा। यह कार लगभग पाँच घंटे बाद लाल किला इलाके में पहुँची, जहाँ विस्फोट हुआ।

तीसरी कार की तलाश जारी

जाँच टीमें उमर के पूरे रूट की पड़ताल कर रही हैं और इस दौरान उन्हें एक ब्रेजा कार की तलाश है। सूत्रों ने बताया कि विस्फोट आई-20 कार में हुआ था। एक ईको स्पोर्ट्स कार (जो गायब थी) फरीदाबाद से बरामद की गई है। अब तीसरी कार (ब्रेजा) की तलाश की जा रही है, जो आतंकी मॉड्यूल के लिए इस्तेमाल हुई होगी।

बड़ी साजिश का था प्लान

जाँच से पता चला है कि आतंकवादी काफी समय से एक बड़ी और सुनियोजित योजना के तहत हमले की साजिश रच रहे थे। फरीदाबाद स्थित अल फलाह विश्वविद्यालय से कुछ दूरी पर स्थित मुजम्मिल और उमर के कमरों से एक डायरी और नोटबुक बरामद हुई है, जिसमें आतंकी हमले की योजना से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियाँ मिली हैं।

सुरक्षा एजेंसियों ने विफल की बड़ी साजिश

सूत्रों ने बताया कि आतंकी हमले की प्लानिंग को सुरक्षा एजेंसियों ने लगभग विफल साबित किया। जाँच के दौरान मिले दस्तावेज़ों से पता चला कि 12 नवंबर को आतंकी बड़ी वारदात को अंजाम दे सकते थे। सुरक्षा एजेंसियों ने 12 नवंबर के लिए पहले से ही अलर्ट जारी किया था और उस दिन पुलिस व सुरक्षा एजेंसी ने खास इंतज़ाम किए थे।

Also Read: PAK vs SL: श्रीलंकाई खिलाड़ियों के फैसले से मची खलबली, PCB ने वनडे सीरीज का शेड्यूल किया रीशेड्यूल

Get real time updates directly on you device, subscribe now.