महाराष्ट्र में परीक्षा से 24 घंटे पहले TET का पेपर लीक, ठाणे से कॉपियां बरामद
Sandesh Wahak Digital Desk: महाराष्ट्र शिक्षक पात्रता परीक्षा (TET) को पेपर लीक होने के चलते एन वक्त पर टाल दिया गया है। यह परीक्षा राज्य भर के विभिन्न केंद्रों पर कल यानी रविवार 28 जून 2026 को आयोजित होने वाली थी। लेकिन एग्जाम से महज 24 घंटे पहले ठाणे जिले के भिवंडी इलाके से पेपर लीक होने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पुलिस को गोपनीय सूचना मिली थी कि भिवंडी में प्रश्न पत्र का सौदा हो रहा है, जिसके बाद एक गुप्त ऑपरेशन चलाकर पुलिस ने मुख्य प्रश्न पत्र की प्रतियां (डाक्यूमेंट्स) बरामद कर लीं। इस मामले में पुलिस ने कई संदिग्धों को हिरासत में लिया है, जिनसे पूछताछ की जा रही है।
महाराष्ट्र स्टेट काउंसिल ऑफ एग्जामिनेशन की ओर से जारी एक आधिकारिक अधिसूचना में बताया गया है कि संदिग्ध पेपर लीक की खुफिया जानकारी मिलने के तुरंत बाद यह सख्त फैसला लिया गया। परिषद के अधिकारियों ने तस्दीक की है कि पुलिस द्वारा जब्त किए गए दस्तावेज मूल टीईटी प्रश्न पत्र की सामग्री से पूरी तरह मैच कर रहे थे, जिससे परीक्षा की शुचिता और गोपनीयता पर बड़ा खतरा मंडरा रहा था। शिक्षा विभाग के अनुसार, परीक्षा की नई और संशोधित तारीखों का ऐलान जल्द ही किया जाएगा और इस पूरे रैकेट की कड़ियों को खंगालने के लिए पुलिस सघन जांच में जुटी है।
4 लाख से ज्यादा परीक्षार्थियों की उम्मीदों पर फिरा पानी
इस अचानक हुए फैसले से पूरे महाराष्ट्र के करीब 4 लाख 28 हजार पंजीकृत उम्मीदवारों को गहरा मानसिक झटका लगा है। कल सूबे के 1,428 परीक्षा केंद्रों पर यह परीक्षा आयोजित होनी थी। गौरतलब है कि कुल पंजीकृत अभ्यर्थियों में से 2,26,263 ऐसे शिक्षक हैं जो पहले से ही अलग-अलग स्कूलों में पढ़ा रहे हैं और नौकरी की अनिवार्यता के कारण अपनी पात्रता साबित करने परीक्षा दे रहे थे। वहीं, बाकी बचे अभ्यर्थी भविष्य में शिक्षक बनने का सपना संजोए थे। बता दें कि महाराष्ट्र में टीईटी पेपर लीक का यह कोई पहला मामला नहीं है; इससे पहले साल 2025 में भी कोल्हापुर से इस परीक्षा का पर्चा लीक होने की बड़ी घटना सामने आ चुकी है।
Also Read: गड़बड़ कर रहे हैं विधायक, सुनते ही सपा सांसद पर भड़के MLA, बोले- तमीज से बात करें

