ब्रजेश पाठक के आवास पर पहुंचे TET पास अभ्यर्थी, नई शिक्षक भर्ती शुरू करने की मांग
Lucknow News: उत्तर प्रदेश में प्राथमिक और उच्च प्राथमिक स्तर पर शिक्षक भर्ती की आस लगाए बैठे बीटीसी, डीएलएड और टीईटी पास अभ्यर्थियों का धैर्य अब जवाब दे रहा है। नई शिक्षक भर्ती का विज्ञापन जारी करने की मांग को लेकर सोमवार को बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों ने राजधानी लखनऊ में जोरदार प्रदर्शन किया। अभ्यर्थी अपनी मांगों को लेकर सीधे डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक के आवास पर पहुँच गए और सरकार से जल्द नियुक्ति प्रक्रिया शुरू करने की गुहार लगाई।
UPTET 2026 में 13 लाख से अधिक अभ्यर्थी सफल
उत्तर प्रदेश शिक्षक पात्रता परीक्षा (UPTET)-2026 का परिणाम हाल ही में 26 अगस्त को जारी किया गया है। इसमें प्राथमिक स्तर पर 5,71,435 और उच्च प्राथमिक स्तर पर 7,59,513 अभ्यर्थी सफल घोषित किए गए हैं। दोनों स्तरों को मिलाकर 13 लाख से अधिक अभ्यर्थियों ने परीक्षा उत्तीर्ण की है। अभ्यर्थियों का कहना है कि वर्षों की मेहनत के बाद सिर्फ टीईटी पास कर लेना काफी नहीं है, जब तक सरकार रिक्त पदों का आकलन कर भर्ती प्रक्रिया शुरू नहीं करती।
अभ्यर्थियों ने दी आंदोलन तेज करने की चेतावनी
प्रदर्शनकारियों का कहना है कि शिक्षक भर्ती के लिए अधियाचन भेजे जाने की खबरें आ चुकी हैं, अब सिर्फ आधिकारिक विज्ञापन का इंतजार है। अभ्यर्थियों ने मांग की है कि सरकार रिक्त पदों की संख्या स्पष्ट करे और आवेदन प्रक्रिया शुरू कर योग्य युवाओं को स्कूलों में नियुक्ति दे। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने जल्द ही भर्ती विज्ञापन जारी करने पर ठोस कदम नहीं उठाया, तो इस आंदोलन को और उग्र किया जाएगा।
Also Read: अखिलेश यादव का योगी सरकार पर हमला, STF को बताया ‘स्वजातीय टॉर्चर फोर्स’

