थाईलैंड में बहन को डांटने का बदला लेने स्कूल पहुंचा भाई, अंधाधुंध फायरिंग में 22 मासूमों समेत 34 की मौत

Sandesh Wahak Digital Desk: थाईलैंड के सोंगखला प्रांत में एक रोंगटे खड़े कर देने वाली वारदात हुई है। यहाँ एक 18 साल के युवक ने स्कूल में घुसकर अंधाधुंध फायरिंग कर दी, जिसमें 22 बच्चों समेत 34 लोगों की जान चली गई। हमलावर एम-4 (M-4) गन से लैस होकर आया था और उसने मासूमों पर रहम नहीं दिखाया।

चश्मदीदों और स्थानीय मीडिया के मुताबिक, इस भीषण हत्याकांड के पीछे की वजह बेहद मामूली लेकिन चौंकाने वाली है। बताया जा रहा है कि हमलावर युवक की बहन उसी स्कूल में पढ़ती है। कुछ दिन पहले एक शिक्षक ने उसकी बहन को किसी बात पर फटकार लगा दी थी। इसी बात का बदला लेने के लिए युवक हथियार लेकर स्कूल पहुंचा और उस विशेष टीचर को खोजने लगा। जब वह नहीं मिला, तो उसने गुस्से में आकर वहां मौजूद लोगों पर गोलियां बरसानी शुरू कर दीं।

फायरिंग के बाद स्थिति और भी भयावह हो गई। हमलावर ने कई बच्चों और शिक्षकों को एक कमरे में बंधक बना लिया। बताया जा रहा है कि अभी भी कई छात्र स्कूल के अंदर फंसे हुए हैं और जान बचाने की जद्दोजहद कर रहे हैं। घटना की गंभीरता को देखते हुए थाईलैंड की स्पेशल फोर्स और राहत टीमें मौके पर पहुंच चुकी हैं।

इलाके में कर्फ्यू, पुलिस की घेराबंदी

पुलिस ने पूरे स्कूल को चारों तरफ से घेर लिया है और हमलावर को काबू में करने की कोशिश जारी है। फिलहाल इलाके में कर्फ्यू लगा दिया गया है ताकि स्थिति पर नियंत्रण पाया जा सके। घायलों को पास के अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जिनमें से कई की हालत नाजुक बनी हुई है। पुलिस अभी भी हमलावर की पूरी प्रोफाइल खंगाल रही है।

Also Read: एपस्टीन फाइल्स विवाद पर हरदीप पुरी का राहुल गांधी को जवाब, बोले- मैं सिर्फ डेलिगेशन का हिस्सा था

Get real time updates directly on you device, subscribe now.