थाईलैंड में निर्माणाधीन रेलवे की क्रेन यात्री ट्रेन पर गिरी, 22 यात्रियों की मौत, कई अब भी फंसे

Sandesh Wahak Digital Desk: थाईलैंड के नखोन रत्चासिमा प्रांत से एक दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है। बुधवार की सुबह एक निर्माणाधीन हाई-स्पीड रेल लाइन की विशालकाय क्रेन अचानक वहां से गुजर रही एक यात्री ट्रेन पर गिर गई। इस भयानक टक्कर के बाद ट्रेन के डिब्बे पटरी से उतर गए और उनमें भीषण आग लग गई। इस हादसे में अब तक कम से कम 22 लोगों के मारे जाने की पुष्टि हो चुकी है।

यह घटना स्थानीय समयानुसार सुबह करीब 9:00 बजे की है। ट्रेन बैंकॉक से उबोन रत्चाथानी की ओर जा रही थी। एलिवेटेड हाई-स्पीड रेलवे ट्रैक के निर्माण में लगी एक भारी-भरकम क्रेन अचानक अनियंत्रित होकर चलती ट्रेन के डिब्बों पर गिर पड़ी। ट्रेन के पटरी से उतरते ही उसमें आग लग गई, जिससे यात्रियों को संभलने का मौका तक नहीं मिला। परिवहन मंत्री पिफात रत्चाकितप्रकान ने बताया कि हादसे के समय ट्रेन में 195 यात्री सवार थे। अब तक 30 से ज्यादा लोग गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं, जिन्हें नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।

मलबे और ट्रेन के क्षतिग्रस्त डिब्बों के भीतर अभी भी कई लोगों के फंसे होने की आशंका है। बचाव दल हाइड्रोलिक कटर की मदद से डिब्बों को काटकर लोगों को बाहर निकालने की कोशिश कर रहे हैं। थाईलैंड सरकार ने मामले की उच्चस्तरीय जांच के आदेश दिए हैं। शुरुआती तौर पर इसे निर्माण कार्य में बरती गई बड़ी लापरवाही माना जा रहा है। अधिकारियों का कहना है कि मृतकों का आंकड़ा अभी और बढ़ सकता है क्योंकि कई यात्रियों की हालत बेहद नाजुक है।

Also Read: भाजपा सांसद रविशंकर प्रसाद के आवास पर लगी आग, फायर ब्रिगेड ने पाया काबू

Get real time updates directly on you device, subscribe now.