जेल के अंदर भिड़े राम मंदिर चंदा चोरी केस के आरोपी, उगलने लगे एक-दूसरे के राज

Ram Mandir Donation: अयोध्या के राम मंदिर में चढ़ावे की कथित चोरी के मामले में पकड़े गए आरोपी अब जेल में एक-दूसरे के खिलाफ हो गए हैं। गिरफ्तारी के बाद जो लोग एक साथ मिलकर योजना बनाते थे, वे अब जेल की सलाखों के पीछे आपस में लड़ाई-झगड़ा कर रहे हैं। पिछले दो दिनों से उनके बीच लगातार विवाद की स्थिति बनी हुई है और मारपीट तक की खबरें सामने आ रही हैं।

जेल में बढ़ा विवाद, आरोपियों में टूटे रिश्ते

सूत्रों के मुताबिक, आरोपी अब इस बात को लेकर एक-दूसरे को जिम्मेदार ठहरा रहे हैं कि इतनी शातिर तरीके से बनाई गई योजना आखिर कैसे पकड़ी गई। कोई किसी के गुस्सैल व्यवहार को कारण बता रहा है तो कोई किसी की लापरवाही को दोष दे रहा है। इसी वजह से उनके रिश्ते पूरी तरह खराब हो चुके हैं। बताया जा रहा है कि जेल में गाली-गलौज और झगड़े की स्थिति लगातार बनी हुई है।

पुलिस पूछताछ में अविनाश शुक्ला ने खोले कई राज

कोर्ट की अनुमति के बाद पुलिस ने जेल में बंद मुख्य आरोपी अविनाश शुक्ला से पूछताछ की, जिसके पास से सबसे अधिक 20 लाख 40 हजार रुपये बरामद हुए थे। लगभग एक घंटे चली इस पूछताछ की वीडियो रिकॉर्डिंग भी की गई। सूत्रों के अनुसार, अविनाश ने कई अहम खुलासे किए हैं और कुछ अन्य लोगों के नाम भी बताए हैं जो इस चोरी की योजना और पैसे के लेन-देन में शामिल थे।

गांव से लेकर जेल तक फैला नेटवर्क, जांच तेज

पुलिस टीम पहले अविनाश के प्रतापगढ़ स्थित पैतृक गांव भी पहुंची थी। बताया जा रहा है कि स्थानीय लोगों ने उसके जीवनशैली में अचानक बदलाव की जानकारी दी थी। अब पुलिस को शक है कि इस मामले में और भी लोग शामिल हो सकते हैं। पूछताछ के बाद कई नई संपत्तियों और अन्य नामों का भी खुलासा हुआ है, जिसके आधार पर आगे की कार्रवाई तेज कर दी गई है।

Get real time updates directly on you device, subscribe now.