पुलिस मुठभेड़ में कंडक्टर से लूट करने वाला आरोपी गिरफ्तार, एक फरार

लखनऊ: लखनऊ के आलमबाग इलाके में बीती रात पुलिस और बदमाशों के बीच फिल्मी अंदाज़ में मुठभेड़ हुई। ये वही बदमाश थे जिन्होंने हाल ही में एक बस कंडक्टर से लूट की वारदात को अंजाम दिया था। पुलिस ने पीछा कर एक बदमाश को गोली मारकर दबोच लिया, जबकि उसका साथी अंधेरे का फायदा उठाकर भाग निकला।

स्कूटी फिसली, मुठभेड़ शुरू

बुधवार देर रात पुलिस को खबर मिली कि लूट की वारदात में शामिल दो आरोपी जेल रोड की तरफ से स्कूटी पर आ रहे हैं। इस पर पुलिस ने गन्ना संस्थान रोड के पास चेकिंग शुरू की। जैसे ही बदमाशों ने पुलिस को देखा, वे भागने लगे। इसी दौरान उनकी स्कूटी फिसल गई और वे गिर पड़े।

गिरते ही बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाब में पुलिस ने भी गोली चलाई, जिसमें एक बदमाश के पैर में गोली लगी। घायल बदमाश को तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया। उसकी पहचान गौरव के रूप में हुई, जो आलमबाग बस अड्डे पर हुए लूटकांड का मुख्य आरोपी है।

क्या था मामला

पिछले शुक्रवार की रात करीब 12:15 बजे, आलमबाग बस टर्मिनल के बाहर तीन बदमाशों ने आज़मगढ़ डिपो के संविदा परिचालक चमन कुमार से बैग लूट लिया था। बैग में 15,800 रुपये नकद, टिकट, भार टिकट और एक ई-टिकट मशीन थी। घटना के तुरंत बाद पुलिस को सूचना दी गई और आरोपियों की तलाश शुरू की गई।

पहले भी हो चुकी है एक गिरफ्तारी

इस मामले में पुलिस ने पहले ही एक आरोपी पीयूष वर्मा को 26 मई को फतेहअली चौराहे के पास से गिरफ्तार कर लिया था। पूछताछ में उसने खुलासा किया था कि लूट को उसने गौरव और शुभम (उर्फ शिवम) के साथ मिलकर अंजाम दिया था। वहीं मुठभेड़ में गिरफ्तार गौरव के पास से स्कूटी, 2,700 रुपये नकद, एक तमंचा, कारतूस और खोखा बरामद किया गया है। उसका साथी शुभम मौके से फरार हो गया है। पुलिस अब उसकी तलाश में जुटी है।

Also Read: Siddharthnagar : केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर कल करेंगे सिद्धार्थनगर में विकास कार्यों का शुभारंभ

Get real time updates directly on you device, subscribe now.