SIR लिस्ट में 2.89 करोड़ नाम कटने के बाद बीजेपी ने छेड़ी 4 करोड़ नए वोटर बनाने की मुहिम

Lucknow News: उत्तर प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों का समय शुरू हो चुका है। विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) की ड्राफ्ट मतदाता सूची जारी होने के बाद, जिसमें करीब 2.89 करोड़ मतदाताओं के नाम काटे गए हैं, अब भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) एक बड़े अभियान में जुट गई है। पार्टी का लक्ष्य है अगले एक महीने में राज्य में 4 करोड़ नए वोटर जोड़ना।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को सभी मंत्रियों, विधायकों और पार्टी पदाधिकारियों के साथ एक वर्चुअल बैठक की। इस बैठक में उन्होंने एक स्पष्ट लक्ष्य दिया, हर विधानसभा क्षेत्र से कम से कम एक लाख नए मतदाता जोड़े जाएं। इस तरह पूरे प्रदेश में करीब 4 करोड़ नए वोटर बनाने का लक्ष्य रखा गया है। सीएम योगी ने निर्देश दिए कि सभी नेता और कार्यकर्ता ड्राफ्ट लिस्ट की गहन जांच करें और यह सुनिश्चित करें कि इसमें किसी वास्तविक मतदाता का नाम गलती से न कटा हो।

लखनऊ में सबसे ज्यादा कटे नाम

इस अभियान में राजधानी लखनऊ पर विशेष फोकस है, क्योंकि यहां सबसे ज्यादा 30% (लगभग 12 लाख) मतदाताओं के नाम नई सूची से कटे हैं। शहर की नौ विधानसभा सीटों पर पार्टी की मशीनरी सक्रिय हो गई है। बीजेपी के लखनऊ जिला अध्यक्ष आनंद द्विवेदी ने बताया कि कार्यकर्ता घर-घर जाकर ड्राफ्ट लिस्ट की कॉपी के साथ ऐसे लोगों की तलाश कर रहे हैं, जिनका नाम कट गया है या जो अभी तक वोटर नहीं बने हैं।

उन्होंने कहा, बहुत से लोगों ने लापरवाही में फॉर्म नहीं भरे। हम उन्हें ढूंढकर फॉर्म-6 भरवा रहे हैं। जो लोग लखनऊ में रहते हैं लेकिन उनका वोट गांव में है, उन्हें यहां वोट ट्रांसफर करने के लिए समझा रहे हैं। लखनऊ कैंट विधानसभा क्षेत्र में भी पार्टी के स्थानीय नेता और पार्षद अपनी-अपनी टीमों के साथ इस काम में जुटे हुए हैं। उनका मकसद साफ है हर उस योग्य नागरिक को वोटर सूची में शामिल करवाना, जिसका नाम छूट गया है।

Also Read: बीजेपी महिला कार्यकर्ता को निर्वस्त्र करने का आरोप, पुलिस का दावा- गिरफ्तारी से बचने के लिए महिला ने खुद उतारे कपड़े

Get real time updates directly on you device, subscribe now.