‘वोट चोर तो थी ही, अब खाद चोर भी हो गई बीजेपी’, सपा प्रदेश अध्यक्ष श्यामलाल पाल का BJP पर हमला

Sandesh Wahak Digital Desk: समाजवादी पार्टी (सपा) के प्रदेश अध्यक्ष श्यामलाल पाल ने बुधवार को भारतीय जनता पार्टी (BJP) पर जोरदार जुबानी हमला बोला। श्रावस्ती में बौद्ध धम्म दीक्षा समारोह में जाते समय मैरिया चौराहे पर एक निजी कार्यक्रम में शामिल हुए पाल ने मीडिया से बात करते हुए BJP को ‘वोट चोर’ के साथ-साथ ‘खाद चोर’ भी बता दिया।

‘डबल इंजन सरकार विकास की बात करती है, पर नफरत का खेल खेलती है’

श्यामलाल पाल ने डबल इंजन सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि BJP विकास की बातें तो खूब करती है, लेकिन दूसरी तरफ यह नफरत का खेल भी खेलती है। उन्होंने आरोप लगाया कि BJP ने सभी धर्मों में नफरत फैलाई और देश के लोगों को जातियों में बांटकर सत्ता हासिल कर ली है।

पाल ने खाद चोरी के आरोपों को स्पष्ट करते हुए कहा इस सरकार ने वोट की चोरी से पहले किसानों के खाद की चोरी की है। जो खाद 50 किलो की आती थी, अब उसे 40 किलो करके उसका रेट भी बढ़ा दिया है। इससे किसानों की कमर टूट गई है। उन्होंने चिंता जताते हुए कहा कि आज भारत का संविधान धोखेबाजों के हाथ में है और उसे खत्म किया जा रहा है।

‘आई लव मोहम्मद’ और ‘आई लव महादेव’ पर हो रही कार्रवाई को लेकर प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि किसी पर कोई FIR और कार्रवाई नहीं होनी चाहिए, क्योंकि BJP केवल नफरत की बाजार लगा रही है। इसके विपरीत, उन्होंने अपने पीडीए (PDA) को ‘मोहब्बत का बाजार’ बताया।

आजम खान को लेकर दिया बड़ा बयान

आजम खान के अन्य पार्टी में जाने की अटकलों पर उन्होंने बड़ा बयान देते हुए कहा कि नेताजी (मुलायम सिंह यादव) और आजम खान एक दूसरे के दिल में बसते हैं, और वह किसी और पार्टी में जाने की सोच भी नहीं सकते। उन्होंने BJP पर निशाना साधते हुए कहा कि उन्हें अपने मंचों पर कोई अपराधी नहीं दिखाई देता यह अपराधी सिर्फ गरीबों के यहां दिखाई देते हैं।

रिपोर्ट: माता प्रसाद वर्मा

 

Also Read: ‘मिशन शक्ति’ एक ‘सामाजिक क्रांति’: श्रावस्ती में DM-SP ने महिलाओं से किया सीधा संवाद

Get real time updates directly on you device, subscribe now.