Balrampur News: पुल तो बन गया, लेकिन रास्ता अभी भी अधूरा, जनता बेहाल
Balrampur News: बलरामपुर जिले के सिरसिया-तुलसीपुर हाईवे पर लोगों की मुश्किलें खत्म होने का नाम नहीं ले रही हैं। खैरी गाँव के पास एक 100 साल पुराना पुल जर्जर हो जाने के कारण पिछले दो महीनों से आवागमन ठप था। अब एक नया पुल तो बनकर तैयार हो गया है, लेकिन उस तक पहुँचने का रास्ता यानी अप्रोच मार्ग अभी भी अधूरा है, जिससे लोगों की परेशानी कम होने के बजाय और बढ़ गई है।
ऊबड़-खाबड़ रास्ते पर फँसे वाहन
मौके की तस्वीर साफ बताती है कि हालात कितने खराब हैं। एक छोटा ट्रक मिट्टी के ऊँचे-नीचे ढेर में फँसा हुआ है और कई लोग उसे धक्का देकर निकालने की कोशिश कर रहे हैं। इस कच्चे रास्ते से गुजरना न सिर्फ आम लोगों के लिए, बल्कि आपातकालीन वाहनों के लिए भी जोखिम भरा है। अक्सर एंबुलेंस भी इस रास्ते में फँस जाती है, जिससे मरीजों और उनके परिवार वालों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।

लाखों लोगों की जीवन रेखा
यह सड़क सिर्फ एक रास्ता नहीं, बल्कि लाखों लोगों की जीवन रेखा है। यह दो जिलों बलरामपुर और श्रावस्ती को जोड़ती है। लोग तुलसीपुर से हर्रैया, शिवपुरा, श्रावस्ती और बौद्ध धर्म स्थलों तक जाने के लिए इसी मार्ग का इस्तेमाल करते हैं। पिछले दो-तीन महीनों से यातायात ठप होने के कारण सभी को भारी परेशानी झेलनी पड़ रही है।
स्थानीय निवासियों का कहना है कि प्रशासन की लापरवाही के चलते यह काम अटका हुआ है। उनका डर है कि अगर जल्द ही अप्रोच मार्ग का निर्माण पूरा नहीं हुआ, तो आने वाली बारिश में स्थिति और भी खराब हो जाएगी। वहीं, जब इस बारे में लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता शैलेंद्र राय से बात की गई तो उन्होंने कहा कि वे जल्द से जल्द अप्रोच मार्ग को ठीक कर यातायात को बहाल करने की कोशिश कर रहे हैं।
रिपोर्ट : योगेंद्र त्रिपाठी
Also Read: Kanpur News: कुत्तों के हमले में घायल छात्रा के चेहरे पर लगे 17 टांके

