Ahmedabad Plane Crash: ब्रिटिश शाही परिवार काली पट्टी बांधकर हादसे के शिकार लोगों को देगा श्रद्धांजलि
Ahmedabad Plane Crash: अहमदाबाद विमान हादसे ने न केवल भारत को, बल्कि दुनिया भर के कई देशों को गहरे शोक में डुबो दिया है। इस त्रासदी की गूंज अब ब्रिटिश शाही परिवार तक भी पहुंच गई है। किंग चार्ल्स ने इस दुखद घटना को देखते हुए अपने जन्मदिन की परंपरागत ‘ट्रूपिंग द कलर’ परेड में बदलाव करने का फैसला लिया है।
शोक के प्रतीक के रूप में काली पट्टी और मौन
शनिवार को होने वाली इस भव्य परेड में, जिसमें 1,350 से अधिक सैनिक भाग लेंगे, शाही परिवार काली पट्टी बांधकर हादसे में मारे गए लोगों को श्रद्धांजलि देगा। साथ ही, एक मिनट का मौन भी रखा जाएगा। बकिंघम पैलेस के प्रवक्ता ने बताया कि किंग चार्ल्स इस भयावह त्रासदी में मारे गए लोगों और उनके शोकाकुल परिवारों के सम्मान में यह बदलाव लाना चाहते थे।
किंग चार्ल्स की संवेदनशीलता
इससे पहले गुरुवार को किंग चार्ल्स ने एक आधिकारिक बयान जारी कर हादसे पर गहरा शोक जताया था। उन्होंने कहा, मेरी पत्नी और मैं अहमदाबाद में हुई इस भयानक दुर्घटना से स्तब्ध हैं। हमारी प्रार्थनाएं और संवेदनाएं उन सभी परिवारों और मित्रों के साथ हैं जो अपने प्रियजनों की जानकारी का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। इस कठिन समय में जो भी लोग सहायता और समर्थन कर रहे हैं, मैं उनका आभार व्यक्त करता हूं।
Also Read: पीड़ित परिवार की अपील, बस हमारे परिजनों के अंग सही-सलामत सौंप दीजिए

