UP News: राज्य महिला आयोग की सदस्य के भतीजे पर हमला, लूटपाट कर फरार हुए दबंग

Sandesh Wahak Digital Desk: राज्य महिला आयोग की महिला सदस्य प्रियंका मौर्य के भतीजे प्रियांशु मौर्या पर दबंगों ने देर रात जानलेवा हमला कर नकदी और सोने की चेन लूट ली। यह घटना आजमगढ़ जिले के सिधारी थाना क्षेत्र की है, जहां पीड़ित अपने रिश्तेदार की शादी से लौट रहे थे। पुलिस ने इस मामले में एफआईआर दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।

पुलिस में दी गई लिखित शिकायत के अनुसार पीड़ित प्रियांशु मौर्या, निवासी रैदोपुर, कोतवाली, आजमगढ़, अपने मित्रों के साथ शादी समारोह से लौट रहे थे। रात करीब 11:30 बजे मैरिज हॉल के बाहर खड़े होने के दौरान एक सफेद रंग की KIA SONET (UP50CW2955) गाड़ी हूटर और तेज़ हॉर्न बजाते हुए आई। गाड़ी में पहले से चार लोग मौजूद थे, जिनमें से एक की पहचान मनीष यादव (निवासी नीवी बुजुर्ग, आजमगढ़) के रूप में हुई।

पीड़ित जब अपनी गाड़ी लेकर घर जाने लगे, तो आरोपी पीछा करने लगे और नरौली पहुंचते ही उनकी गाड़ी रोक दी। जबरन दरवाजा खोलकर प्रियांशु मौर्या पर लाठी-डंडों से हमला किया गया। हमलावरों ने उनके गले से 15 ग्राम की सोने की चेन और 10 हजार रुपये नकद लूट लिए।

साथी पर भी हमला

पीड़ित के साथ मौजूद उनके मित्र रितेश मौर्या बचाने आए, लेकिन हमलावरों ने उन पर भी हमला कर दिया। लाठी-डंडों और स्टील के फ्राइनल से वार करने से दोनों को गंभीर चोटें आईं। राहगीरों के बीच-बचाव करने पर किसी तरह पीड़ित जान बचाकर भागने में सफल रहे।

पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा

घटना की सूचना मिलते ही सिधारी पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया और आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस ने हमलावरों के खिलाफ गंभीर धाराओं में केस दर्ज किया है। पीड़ित ने प्रशासन से अपनी सुरक्षा की मांग करते हुए लूटी गई नकदी और सोने की चेन वापस दिलाने की अपील की है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Also Read: Gonda News: रिश्वतखोर लेखपाल निलंबित, प्रशासन ने की बड़ी कार्रवाई

Get real time updates directly on you device, subscribe now.