विद्यालय की रसोई में जलता चूल्हा लाखों बच्चों के भविष्य को देता है ऊर्जा: सीएम योगी
Lucknow News: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पीएम पोषण योजना से जुड़ी 3.54 लाख रसोइया माताओं-बहनों को बड़ी सौगात दी है। लखनऊ में आयोजित राज्य स्तरीय समारोह में मुख्यमंत्री ने रसोइयों के लिए कैशलेस चिकित्सा कार्ड वितरण योजना का औपचारिक शुभारंभ किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि विद्यालयों की रसोई में जलता चूल्हा केवल भोजन नहीं पकाता, बल्कि लाखों बच्चों के स्वास्थ्य, शिक्षा और उज्ज्वल भविष्य को ऊर्जा प्रदान करता है। उन्होंने अपने श्रम और ममत्व से इस पुनीत दायित्व को निभाने वाली रसोइयों को ‘पीएम पोषण’ योजना की वास्तविक आधारशक्ति बताया।
मंच से 11 रसोइया सम्मानित, प्रदेश भर से 1,500 प्रतिभागी रहे शामिल
लखनऊ में आयोजित मुख्य समारोह में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंच पर 11 रसोइयों को विशेष रूप से सम्मानित किया। कार्यक्रम में प्रदेश के विभिन्न जनपदों से आए 1,500 रसोइयों ने प्रत्यक्ष रूप से सहभागिता की। मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर लिखा कि सम्मान से स्वास्थ्य-सुरक्षा तक की यह पहल रसोइया माताओं-बहनों के श्रम के प्रति ‘डबल इंजन सरकार’ की कृतज्ञता और उनके सुरक्षित व सम्मानजनक जीवन के प्रति अटूट प्रतिबद्धता की अभिव्यक्ति है।
जिला और तहसील स्तर पर भी हुआ सम्मान समारोह का आयोजन
राज्य स्तरीय कार्यक्रम के साथ-साथ प्रदेश के सभी जनपदों और तहसीलों में भी जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में रसोइया सम्मान समारोह आयोजित किए गए। इनमें सांसदों, मंत्रियों, विधायकों और जिला पंचायत अध्यक्षों ने रसोइयों को सम्मानित किया। इस पहल का मुख्य उद्देश्य राजकीय, परिषदीय और अशासकीय सहायता प्राप्त विद्यालयों में कार्यरत रसोइयों के योगदान को सार्वजनिक पहचान देना और पूरे प्रदेश में सम्मान का एक समान संदेश पहुंचाना है।
Also Read: लखनऊ हत्याकांड: फोरेंसिक जांच के बाद मानस का घर सील, रेस्टोरेंट पर ताला, हथियार कनेक्शन की तलाश

