‘मुख्यमंत्री प्रवासी हैं, उनका विजन सिर्फ लूट का है’, अखिलेश यादव का योगी पर निशाना
Sandesh Wahak Digital Desk: समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर जमकर हमला बोला है। उन्होंने योगी को ‘प्रवासी मुख्यमंत्री’ बताते हुए कहा कि वह ‘परिवार डेवलपमेंट अथॉरिटी’ की ही उपज हैं। अखिलेश ने कहा कि अगर उनके मामा मठ में न होते तो वह उत्तराखंड से न आते।
‘सांडों के शाप से बीजेपी पर पाप पड़ेगा’
अखिलेश यादव ने छुट्टा जानवरों की समस्या पर भी तंज कसा। उन्होंने कहा अगर गऊ माता शाप देती हैं तो सांड भी शाप देगा। जिन लोगों की जान सांडों से गई है, उनके परिवार के लोग किसको शाप देंगे? यह पाप हम पर नहीं, बीजेपी पर पड़ेगा।
‘सरकार का कोई विजन नहीं, सिर्फ लूट का विजन है’
लखनऊ में एक कार्यक्रम के दौरान अखिलेश ने कहा कि यह सरकार विकास के खिलाफ है। इनका कोई विजन नहीं है, सिर्फ लूट का विजन है। उन्होंने आरोप लगाया कि हर विभाग में भ्रष्टाचार और महंगाई चरम पर है।
अखिलेश के अन्य प्रमुख आरोप:
शिक्षा: “ग फॉर गधा” पढ़ाना सरकार की साजिश का हिस्सा है।
विकास परियोजनाएं: पूर्वांचल और बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे गड्ढों में तब्दील हो गए हैं। आईटीआई और कैंसर सेंटर जैसी योजनाएं नौ साल बाद भी अधूरी हैं।
विदेश नीति: देश की विदेश नीति चौपट हो गई है और अमेरिका जैसे देशों से संबंध बिगड़ गए हैं।
अग्निवीर योजना: उन्होंने कहा कि देश को ड्रोन, मिसाइल और तकनीक की जरूरत थी, लेकिन सरकार ने अग्निवीर योजना लागू कर दी, जिसमें चार साल में ट्रेनिंग कैसे होगी, यह स्पष्ट नहीं है।
अखिलेश ने दावा किया कि मुख्यमंत्री सिर्फ चुनाव के लिए बीजेपी में शामिल हुए हैं और 2027 से पहले ही पार्टी में अंदरूनी कलह शुरू हो जाएगी। उन्होंने कहा कि जनता समझ चुकी है कि इस सरकार का विजन कुछ नहीं है।
Also Read: UP: विधानसभा में विजन 2047 पर मंथन, योगी बोले- देश की प्रगति का नेतृत्व करेगा यूपी

