आने वाला 2027 कांग्रेस का होगा, स्थापना दिवस पर बोले अजय राय
Sandesh Wahak Digital Desk: कांग्रेस पार्टी की स्थापना के 140 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर रविवार को उत्तर प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस मौके पर कांग्रेस महासचिव व यूपी प्रभारी अविनाश पाण्डेय और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय ने कार्यालय परिसर में स्थित राष्ट्रपिता महात्मा गांधी, पूर्व प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू, पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण कर श्रद्धासुमन अर्पित किए।
पार्टी ध्वजारोहण और शपथ कार्यक्रम
कार्यक्रम के दौरान कांग्रेस नेताओं ने पार्टी का झंडा फहराया और स्थापना दिवस के अवसर पर उपस्थित पार्टीजनों को शपथ दिलाई। इस दौरान कांग्रेस के इतिहास, विचारधारा और संगठनात्मक एकता पर विशेष जोर दिया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता और पदाधिकारी मौजूद रहे।
स्थापना दिवस के मौके पर प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में एक विशेष आर्ट पिक्चर गैलरी की प्रदर्शनी भी लगाई गई। इस प्रदर्शनी के माध्यम से कांग्रेस कार्यकर्ताओं को आजादी से पहले और आजादी के बाद हुए कांग्रेस अधिवेशनों, उनके उद्देश्यों और लिए गए ऐतिहासिक निर्णयों की जानकारी दी गई। प्रदर्शनी में कांग्रेस की स्थापना के उद्देश्य और उन महापुरुषों के नाम व चित्र भी प्रदर्शित किए गए, जिन्होंने पार्टी के लिए त्याग और बलिदान दिया।

“कांग्रेस केवल पार्टी नहीं विचारधारा है”
इस अवसर पर कांग्रेस महासचिव व यूपी प्रभारी अविनाश पाण्डेय ने कहा कि कांग्रेस केवल एक राजनीतिक संगठन नहीं बल्कि देश की आत्मा और उसकी विचारधारा है। उन्होंने निर्देश दिए कि इस तरह की ऐतिहासिक प्रदर्शनी प्रदेश के सभी 18 मंडलों में भी आयोजित की जाए, ताकि कांग्रेस के गौरवशाली इतिहास और मूल्यों को जन-जन तक पहुंचाया जा सके।
“2027 कांग्रेस का होगा”
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय ने अपने संबोधन में कहा कि उत्तर प्रदेश से यह संदेश पूरे देश को देना है कि अब कांग्रेस के कार्यकर्ता निस्वार्थ भाव से सक्रिय हो चुके हैं। उन्होंने दावा किया कि आने वाला वर्ष 2027 कांग्रेस का होगा। अजय राय ने कहा कि प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए बड़े स्तर पर रैलियों और जनसंपर्क कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा।
कई प्रमुख वक्ताओं ने रखे विचार
कार्यक्रम में कांग्रेस के सह प्रभारी प्रदीप नरवाल, कश्मीर नामा के लेखक डॉ. अशोक पांडेय और दलित चिंतक एच.एल. दुसाध ने भी अपने विचार रखे। वक्ताओं ने कांग्रेस की ऐतिहासिक भूमिका, सामाजिक न्याय और लोकतांत्रिक मूल्यों पर विस्तार से चर्चा की।
कांग्रेस स्थापना दिवस के इस आयोजन को प्रदेश में पार्टी की सक्रियता और आगामी विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियों के संकेत के रूप में देखा जा रहा है। नेतृत्व ने साफ किया कि संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने के लिए आने वाले समय में व्यापक कार्यक्रम चलाए जाएंगे।
Also Read: Kashmir में नए साल पर बारिश और बर्फबारी के आसार, मौसम विभाग का अलर्ट

