दिल्ली ब्लास्ट के संदिग्ध आतंकियों को i20 कार बेचने वाला डीलर भी हिरासत में लिया गया
Sandesh Wahak Digital Desk: दिल्ली के लाल किले के पास 10 नवंबर को हुए कार विस्फोट मामले में जाँच एजेंसियाँ लगातार ताबड़तोड़ कार्रवाई कर रही हैं। इस बीच एक समाचार एजेंसी ने सूत्रों के हवाले से बताया है कि हरियाणा के फरीदाबाद में जिस कार डीलर ने संदिग्ध आतंकी डॉक्टर उमर उन नबी और तारिक अहमद मलिक को हुंडई i20 कार बेची थी, उसे हिरासत में ले लिया गया है।
अयोध्या को भी दहलाने की थी साजिश
जाँच में शामिल सूत्रों के हवाले से यह चौंकाने वाली जानकारी भी सामने आई है कि पकड़े गए आतंकियों के गुट की योजना अयोध्या में भी विस्फोट करने की थी। लेकिन इससे पहले ही दिल्ली में विस्फोट हुआ और फरीदाबाद में छापेमारी के दौरान बड़ी मात्रा में विस्फोटक के साथ आतंकियों की गिरफ्तारियाँ भी हो गईं, जिससे उनकी यह साज़िश विफल हो गई।

हड़बड़ी और जल्दबाजी में धमाका
सूत्रों के मुताबिक, जाँच में अभी तक ऐसा लग रहा है कि लाल किले में कार ब्लास्ट करने की कोई योजना नहीं थी। विस्फोटक में टाइमर या किसी अन्य नियंत्रित उपकरण का इस्तेमाल नहीं किया गया था। इससे संकेत मिलता है कि यह ब्लास्ट हड़बड़ी और जल्दबाजी में किया गया था। लाल किले के पास शाम 7 बजे हुए इस ब्लास्ट में अब तक 12 लोगों की मौत हो चुकी है और 20 से ज़्यादा लोग घायल हैं। इस मामले के तीन प्रमुख संदिग्ध डॉ. उमर (जिसके धमाके में मारे जाने की आशंका है), डॉ. मुजम्मिल, और डॉ. अदील अहमद डार हैं। डॉ. मुजम्मिल और डॉ. अदील पकड़े जा चुके हैं और उनसे गहन पूछताछ जारी है।
Also Read: लाल किले पर 26 जनवरी को हमले की थी साजिश, पूछताछ में डॉ. मुजम्मिल ने किया चौंकाने वाला खुलासा

