प्रेम विवाह का ‘डेथ एंड’: जिस पत्नी के लिए दुनिया से लड़ा अरुण, उसी का गला रेतकर खुद भी फंदे पर झूला
Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश के कुशीनगर जिले से एक रोंगटे खड़े कर देने वाली खबर सामने आई है। यहाँ के तरया सुजान थाना क्षेत्र में एक युवक ने गृहक्लेश के चलते अपनी पत्नी की बेरहमी से हत्या कर दी और फिर खुद भी मौत को गले लगा लिया। दिल दहला देने वाली यह घटना रविवार रात करीब 9 बजे की है। हैरानी की बात यह है कि इस जोड़े ने महज चार महीने पहले ही समाज और परिवार की बंदिशें तोड़कर प्रेम विवाह किया था।
परिवार की मर्जी के खिलाफ रचाई थी शादी
जानकारी के मुताबिक, तरया सुजान के ‘बढ़ई टोला’ निवासी अरुण शर्मा (22 वर्ष) का विशुनपुरा की रहने वाली नेहा (20 वर्ष) के साथ प्रेम प्रसंग चल रहा था। दोनों अलग-अलग समुदाय से थे, इसलिए परिवार इस रिश्ते के खिलाफ था। बावजूद इसके, बीते नवंबर 2025 में दोनों ने एक मंदिर में शादी कर ली। कुछ समय बाद अरुण के परिवार ने उन्हें अपना लिया था और दोनों अपने पुश्तैनी घर में रहने लगे थे।
विवाद बना जान का दुश्मन
ग्रामीणों और परिजनों के अनुसार, रविवार की रात करीब 9 बजे पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर तीखी बहस शुरू हो गई। घर के अन्य सदस्यों ने बीच-बचाव कर मामला शांत कराया, जिसके बाद नेहा नाराज होकर दूसरे कमरे में जाकर लेट गई। अरुण भी उसके पीछे-पीछे कमरे में चला गया।
आरोप है कि गुस्से में आपा खो चुके अरुण ने कमरे में रखी हंसिया से बिस्तर पर लेटी नेहा का गला काट दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। पत्नी की हत्या करने के बाद अरुण ने उसी कमरे में छत के हुक से फंदा लगाकर खुदकुशी कर ली।
चीख-पुकार के बीच पहुंची पुलिस
जब काफी देर तक कमरे से कोई हलचल नहीं हुई, तो घरवाले अंदर पहुंचे। कमरे का नजारा देखकर सबकी रूह कांप गई बिस्तर पर नेहा खून से लथपथ पड़ी थी और अरुण का शव फंदे से लटक रहा था। गांव के चौकीदार ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंचे एडिशनल एसपी सिद्धार्थ वर्मा और थाना प्रभारी राम सहाय चौहान ने जांच शुरू की। पुलिस और फोरेंसिक टीम ने घटना स्थल से जरूरी सबूत जुटाए हैं।
जांच में जुटी पुलिस
एसपी केशव कुमार ने बताया कि दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। फिलहाल हत्या और आत्महत्या के पीछे के सटीक कारणों का पता नहीं चल पाया है, क्योंकि घटना के वक्त कमरे में उन दोनों के अलावा कोई नहीं था। मृतका के मायके वालों को सूचना दे दी गई है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है। इस घटना के बाद से पूरे गांव में सन्नाटा पसरा हुआ है।
Also Read: राजा भैया बनाम भानवी सिंह: सुप्रीम कोर्ट का दिल्ली हाईकोर्ट को सख्त निर्देश, डेडलाइन तय

