दिल्ली के मुख्यमंत्री का फैसला आज, बीजेपी लगाएगी मुहर
Sandesh Wahak Digital Desk: दिल्ली में आज मुख्यमंत्री के नाम पर सस्पेंस का अंत होने जा रहा है। भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) आज विधायक दल की बैठक में नए मुख्यमंत्री के नाम पर मुहर लगाएगी। इसके बाद, कल रामलीला मैदान में नए मुख्यमंत्री का शपथ ग्रहण समारोह आयोजित होगा। गौरतलब है कि 27 सालों के बाद बीजेपी ने दिल्ली की सत्ता पर अपनी पकड़ बनाई है।
इस फैसले से पहले, दोपहर 12 बजे बीजेपी संसदीय दल की बैठक होगी, जिसमें पार्टी के प्रमुख नेताओं की मौजूदगी में मुख्यमंत्री के नाम पर चर्चा की जाएगी। बैठक में नए मुख्यमंत्री के नाम की घोषणा की जा सकती है।
शपथ ग्रहण समारोह से एक दिन पहले, दिल्ली बीजेपी ने एक पोस्टर जारी किया है, जिसमें लिखा है, “दिल्ली की प्रगति का नया अध्याय शुरू होने जा रहा है। ‘विकसित दिल्ली शपथ समारोह’ के साथ हम सभी मिलकर दिल्ली में विकास की नई ऊंचाइयों की ओर अग्रसर होंगे। आइए रामलीला मैदान में और इस ऐतिहासिक पल के साक्षी बनें!”
सड़क परिवहन में बदलाव:
शपथ ग्रहण समारोह के मद्देनजर दिल्ली के कुछ प्रमुख मार्गों पर यातायात में बदलाव किया गया है। रामलीला मैदान के पास के क्षेत्रों में कई रास्तों को डायवर्ट किया जाएगा। समारोह में कई वीवीआईपी और वीआईपी लोगों के शामिल होने की संभावना के कारण, 7:00 AM से 4:00 PM तक इन रास्तों पर यातायात प्रतिबंध रहेगा।
प्रमुख डायवर्जन में बीएसजेड मार्ग (ITO से दिल्ली गेट), जेएलएन मार्ग (दिल्ली गेट से गुरु नानक चौक), अरुणा आसिफ अली रोड, मिंटो रोड, कमला मार्केट, रणजीत सिंह फ्लाईओवर और अजमेरी गेट जैसे प्रमुख स्थान शामिल हैं। इस ऐतिहासिक पल को लेकर राजधानी में जोरदार हलचल है और सभी की निगाहें आज होने वाली बैठक पर टिकी हैं।
Also Read: आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे पर भीषण सड़क हादसा, एक परिवार के तीन सदस्यों की मौत

