खाद लेने आई महिला को नायब तहसीलदार ने जड़ा थप्पड़, न्याय की गुहार
Sandesh Wahak Digital Desk: मध्य प्रदेश के छतरपुर जिले से एक बेहद हैरान और शर्मसार कर देने वाला मामला सामने आया है। यहाँ कृषि उपज मंडी में खाद वितरण के दौरान मची अव्यवस्था के बीच नायब तहसीलदार रितु सिंघई ने खाद लेने आई एक महिला किसान को कथित तौर पर थप्पड़ जड़ दिया और उसके बाल खींचे। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसके बाद किसानों और आम जनता में जबरदस्त आक्रोश है।
पीड़ित महिला किसान की पहचान गुड़िया पटेल के रूप में हुई है, जो MA की छात्रा है। गुड़िया पटेल ने न्याय की गुहार लगाते हुए बताया कि वह केवल खाद लेने के लिए लाइन में आई थी और उसने किसी भी अपशब्द का प्रयोग नहीं किया था, फिर भी नायब तहसीलदार मैडम ने उनके साथ मारपीट की।
अव्यवस्था के बीच बढ़ा विवाद
छतरपुर में पिछले कई दिनों से खाद की कमी के कारण किसान परेशान थे। बुधवार सुबह लगभग 1000 से 1500 किसान खाद लेने मंडी पहुँचे। वितरण में अव्यवस्था और लंबे इंतजार के चलते गुस्साए किसानों ने सटई रोड पर जाम लगा दिया।
पुलिस और प्रशासन की टीम ने मौके पर पहुँचकर जाम खुलवाया। इसी दौरान नायब तहसीलदार रितु सिंघई द्वारा छात्रा गुड़िया पटेल को थप्पड़ मारने की घटना सामने आई। गुड़िया पटेल का यह भी कहना है कि नायब तहसीलदार मैडम ने उन्हें एफआईआर करवाने की धमकी दी है।
Also Read: कहीं खराब तो नहीं हो रही है आपकी भी किडनी, शुरू में मिलते हैं ये संकेत

