‘मेरी मौत के जिम्मेदार जिलाध्यक्ष होंगे’, BJP मंडल अध्यक्ष की पोस्ट से मचा हड़कंप

Sandesh Wahak Digital Desk: आगरा में भारतीय जनता पार्टी (BJP) में गुटबाजी सार्वजनिक हो गई है। अछनेरा देहात मंडल अध्यक्ष कौशल प्रताप सिंह की एक फेसबुक पोस्ट ने जिले के सियासी गलियारों में हड़कंप मचा दिया है। मंडल अध्यक्ष ने न सिर्फ अपनी जान को खतरा बताया, बल्कि सीधे जिलाध्यक्ष प्रशांत पौनिया पर गंभीर आरोप लगाते हुए उन्हें अपनी संभावित मौत का जिम्मेदार ठहराया।

सोशल मीडिया पर सार्वजनिक हुई गुटबाजी

मंडल अध्यक्ष कौशल प्रताप सिंह ने अपनी फेसबुक पोस्ट में लिखा था कि “आत्मसम्मान से बढ़कर कुछ भी नहीं। मेरी मौत के जिम्मेदार जिलाध्यक्ष प्रशांत पौनिया होंगे।” इसके साथ ही उन्होंने जिलाध्यक्ष पर दलालों के साथ मिले होने का भी गंभीर आरोप लगाया।

हालांकि, हड़कंप मचने के तुरंत बाद यह पोस्ट कौशल प्रताप सिंह के वेरिफाइड अकाउंट से हटा ली गई, लेकिन इसके स्क्रीनशॉट तेजी से सोशल मीडिया पर वायरल हो गए हैं, जिससे पार्टी के भीतर चल रही तनातनी खुलकर सामने आ गई है।

संगठन की कार्यशैली पर सवाल

कौशल प्रताप सिंह ने इसके बाद दो और पोस्ट कर संगठन की मौजूदा कार्यशैली पर सवाल खड़े किए। एक पोस्ट में उन्होंने लिखा कि फतेहपुर सीकरी विधानसभा में छह मंडल अध्यक्ष हैं, “बस देखना है कि संगठन के कितने अध्यक्ष हैं।” दूसरी पोस्ट में उन्होंने पूछा, “देखना है कि संगठन हावी रहता है या पर्सनल लोग।” इन पोस्ट्स ने साफ कर दिया है कि स्थानीय इकाई में गुटबाजी और मौजूदा कार्यप्रणाली को लेकर अंदरूनी चर्चाएं सतह पर आ गई हैं।

जिलाध्यक्ष की प्रतिक्रिया

इस पूरे घटनाक्रम पर जब जिलाध्यक्ष प्रशांत पौनिया से संपर्क किया गया, तो उन्होंने कहा कि वह इस बारे में कुछ नहीं कह सकते कि किस नेता ने किन हालात में ऐसी पोस्ट लिखी। उन्होंने केवल इतना आश्वासन दिया कि अगर कोई गलतफहमी है तो उसे दूर करने का प्रयास किया जाएगा।

मंडल अध्यक्ष द्वारा पोस्ट डिलीट किए जाने के बावजूद, यह घटना कार्यकर्ताओं और नेताओं के बीच बहस को तेज करने और आगे किसी बड़ी गुटबाजी को हवा देने का संकेत दे रही है।

Also Read: कोडीन सिरप तस्करी: अखिलेश यादव बोले- UP में एक जिला, एक माफिया का काला कारोबार

Get real time updates directly on you device, subscribe now.