Siddharthnagar News: निरीक्षण में अनुपस्थित मिली ANM निलंबित, डीएम ने खुद चखा मिड-डे मील, आंगनबाड़ी कार्यकर्ती को नोटिस

Siddharthnagar News: जनपद सिद्धार्थनगर के जिलाधिकारी (डीएम) डॉ. राजा गणपति आर. ने बुधवार को नौगढ़ विकास खंड के प्राथमिक विद्यालय बेलवा महादेव द्वितीय और आंगनबाड़ी केंद्र महादेवा में आयोजित बीएचएनडी (BHND) दिवस का औचक निरीक्षण किया। इस निरीक्षण में कई जगहों पर लापरवाही सामने आई, जिस पर डीएम ने सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए।

डीएम डॉ. राजा गणपति आर. ने आंगनबाड़ी केंद्र पर निरीक्षण के दौरान एएनएम रागिनी यादव को अनुपस्थित पाया। उन्होंने तुरंत एमओआईसी नौगढ़ से फोन पर बात की। एमओआईसी ने बताया कि एएनएम लापरवाही करती हैं और उन्हें पहले भी नोटिस दिया गया था। इस पर डीएम ने एएनएम को तत्काल निलंबित करने का निर्देश दिया।

डीएम ने आंगनबाड़ी केंद्र पर गर्भवती महिलाओं का रजिस्टर भी देखा। रजिस्टर अधूरा (अपूर्ण) पाए जाने पर उन्होंने कड़ी नाराजगी व्यक्त करते हुए आंगनबाड़ी कार्यकत्री को नोटिस देने का निर्देश दिया। उन्होंने बच्चों को पोषाहार वितरण और सैम-मैम (SAM-MAM) बच्चों के रजिस्टर की भी जाँच की।

डीएम ने निर्देश दिया कि बीएचएनडी दिवस पर गर्भवती महिलाओं की गोदभराई और अन्नप्राशन कराया जाए तथा पोषाहार का वितरण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने आशा और आंगनबाड़ी कार्यकत्री को घर-घर जाकर टीकाकरण से एक दिन पूर्व गर्भवती महिलाओं और बच्चों को सूचित करने का निर्देश दिया ताकि कोई भी जांच और टीकाकरण से वंचित न रहे।

प्राइमरी स्कूल में डीएम ने चखा मिड-डे मील

इसके बाद, डीएम डॉ. राजा गणपति आर. ने प्राथमिक विद्यालय बेलवा महादेव द्वितीय का निरीक्षण किया। उन्होंने मिड-डे मील बन रही रसोई का जायजा लिया। मेन्यू के अनुसार उस दिन तहरी बनी थी। डीएम ने स्वयं भोजन खाकर उसकी गुणवत्ता जाँची। प्रधानाध्यापक ने बताया कि 87 नामांकन के मुकाबले मौके पर 61 छात्र उपस्थित थे। डीएम ने अभिभावक शिक्षक बैठक रजिस्टर और शिक्षक डायरी सहित अन्य रिकॉर्ड भी चेक किए।

रिपोर्ट- जाकिर खान

Also Read: कोच गंभीर की डिनर पार्टी बस से पहुंची पूरी टीम, सिर्फ एक खिलाड़ी ने अपनी चमचमाती BMW से मारी एंट्री

Get real time updates directly on you device, subscribe now.