भोपाल में मछली परिवार का साम्राज्य जमींदोज, करोड़ों की आलीशान हवेली पर चला बुलडोजर

Sandesh Wahak Digital Desk: मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में ड्रग तस्करी और गैरकानूनी गतिविधियों के जरिए अपना साम्राज्य खड़ा करने वाले मछली परिवार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई शुरू हो गई है। गुरुवार को कड़ी सुरक्षा के बीच इस परिवार की कोकता इलाके में बनी करोड़ों की आलीशान कोठी पर बुलडोजर चलाया जा रहा है।

यह परिवार तब सुर्खियों में आया जब पुलिस ने ड्रग तस्करी और महाविद्यालय की छात्राओं से रेप व ब्लैकमेलिंग के आरोप में यासीन और शाहवर मछली को गिरफ्तार किया। बाद में परिवार के एक और सदस्य शारिक मछली को भी पकड़ा गया।

जांच में खुलासा हुआ कि इस परिवार ने अवैध तरीकों से करोड़ों की संपत्ति बनाई हुई है। इसके बाद जिला प्रशासन और पुलिस ने इनकी अवैध संपत्तियों की पहचान कर कार्रवाई का सिलसिला शुरू किया।

10,000 वर्ग फीट की हवेली ध्वस्त

गुरुवार को कोकता क्षेत्र में बनी करीब 10 हजार वर्ग फीट की आलीशान हवेली को ढहाने का काम शुरू हुआ। यह हवेली कई एकड़ में फैली हुई थी, जिसमें सामने और पीछे आकर्षक बगीचे भी थे। कार्रवाई का विरोध करने के लिए परिवार के कुछ लोग सामने आए, लेकिन भारी पुलिस बल की तैनाती के चलते उनका विरोध ज्यादा देर नहीं चला।

करीब 500 पुलिस जवानों की टीम ने लोगों को समझा-बुझाकर हटाया। इसके बाद हवेली से सामान निकालकर ट्रकों में भरा गया और फिर बुलडोजर ने अपना काम शुरू कर दिया।

पीड़ित लोग भी पहुँचे मौके पर

जब यह कार्रवाई चल रही थी, तो कई ऐसे लोग भी मौके पर पहुंचे जो इस परिवार के अत्याचारों के शिकार थे। एक व्यक्ति, जिसने हाथ में तिरंगा झंडा लिया हुआ था, ने आरोप लगाया कि मछली परिवार ने उसे पहले भी प्रताड़ित किया था, उससे वसूली की थी और जेल तक भिजवा दिया था। उसने कहा कि मुख्यमंत्री मोहन यादव की सख्ती के बाद ही इस परिवार पर कार्रवाई हो रही है।

Also Read: यूपी स्कूल मर्जर पर हाईकोर्ट सख्त, कहा- बच्चों को 1 KM से ज्यादा दूर नहीं जाना होगा स्कूल

Get real time updates directly on you device, subscribe now.