अमेरिका में सड़क हादसे की शिकार भारतीय छात्रा नीलम शिंदे के परिवार को मिला वीजा, पहुंचे परिजन

Sandesh Wahak Digital Desk: अमेरिका के कैलिफोर्निया में सड़क हादसे की शिकार भारतीय छात्रा नीलम शिंदे के परिवार को आखिरकार अमेरिका का वीजा मिल गया है। महाराष्ट्र के सतारा की रहने वाली नीलम 14 फरवरी को एक सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल हो गई थीं और तब से कोमा में हैं। उनका इलाज सैक्रामेंटो स्थित सी डेविस मेडिकल सेंटर में चल रहा है।

परिवार को वीजा मिलने में हुई देरी

नीलम के माता-पिता ने हादसे के 48 घंटे बाद ही अमेरिका के लिए वीजा आवेदन किया था, ताकि वे अपनी बेटी के पास रह सकें और उसकी देखभाल कर सकें। हालांकि, कुछ प्रक्रियात्मक दिक्कतों के कारण उन्हें वीजा मिलने में देरी हो रही थी। इस मामले में राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरद पवार गुट) की नेता सुप्रिया सुले ने हस्तक्षेप किया और विदेश मंत्री एस. जयशंकर से परिवार की मदद की अपील की।

सुप्रिया सुले ने इसे चिंताजनक मामला बताते हुए कहा था कि परिवार को तुरंत अमेरिका जाने की अनुमति मिलनी चाहिए, ताकि वे बेटी की देखभाल कर सकें। इसके बाद विदेश मंत्रालय ने यह मामला अमेरिका के समक्ष उठाया, जिसके बाद नीलम के माता-पिता को तत्काल वीजा जारी किया गया।

कार की टक्कर से हुआ था हादसा, आरोपी गिरफ्तार

14 फरवरी को नीलम शिंदे उस वक्त हादसे का शिकार हुई थीं जब एक कार ने उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि उनके सिर, छाती और हाथ में गंभीर चोटें आईं। हादसे के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया था, लेकिन पुलिस ने जांच के बाद 19 फरवरी को 58 वर्षीय आरोपी लॉरेंस गैलो को गिरफ्तार कर लिया।

नीलम की हालत गंभीर

नीलम फिलहाल कोमा में हैं और उनकी स्थिति गंभीर बनी हुई है। डॉक्टरों के अनुसार, उनके ठीक होने में लंबा समय लग सकता है। उनके परिवार को अब उम्मीद है कि वे अमेरिका में रहकर उनकी देखभाल कर पाएंगे और उनकी जल्द से जल्द रिकवरी के लिए प्रयास कर सकेंगे।

Get real time updates directly on you device, subscribe now.