UP News: काशी तमिल संगमम–4 का पहला दल वाराणसी पहुंचा, स्टेशन पर हुआ भव्य स्वागत
Sandesh Wahak Digital Desk: आज (मंगलवार) काशी तमिल संगमम–4 का शुभारंभ उस समय खास बन गया जब कार्यक्रम का पहला दल बनारस पहुँचा।
इस दल में मुख्य रूप से छात्र-छात्राएँ शामिल हैं, जिनका उद्देश्य उत्तर और दक्षिण भारत की सांस्कृतिक एकता, परंपराओं और विरासत को नज़दीक से समझना है।
पहले दल के स्टेशन पर पहुँचते ही वातावरण उत्साह से भर उठा। आगंतुकों का पारंपरिक मालाएँ पहनाकर, ढोल-नगाड़ों और ‘हर-हर महादेव’ के जयघोष के बीच स्वागत किया गया।
आयोजक संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने सभी छात्रों का गर्मजोशी से अभिनंदन किया। इस दौरान भाजपा एमएलसी हंसराज विश्वकर्मा भी मौजूद रहे।
काशी विश्वनाथ धाम में दर्शन
यात्रा के पहले चरण में दल को श्री काशी विश्वनाथ धाम ले जाया जाएगा, जहाँ वे बाबा विश्वनाथ के दर्शन करेंगे। धाम की भव्यता, कॉरिडोर की दिव्यता और काशी की आध्यात्मिकता का अनुभव छात्रों के लिए एक यादगार पल बनने जा रहा है।
क्रूज़ से गंगा आरती का दिव्य अनुभव
दर्शन के बाद प्रतिनिधिमंडल क्रूज़ के माध्यम से अस्सी और दशाश्वमेध घाट की ओर जाएगा। वहाँ वे गंगा आरती का अद्भुत दृश्य क्रूज़ से देखेंगे।
आयोजकों ने बताया कि छात्रों को गंगा तटों के इतिहास, संस्कृति और परंपरा से भी परिचित कराया जाएगा।
नमो घाट पर होगा औपचारिक शुभारंभ
काशी तमिल संगमम 4.0 का औपचारिक शुभारंभ नमो घाट पर आयोजित विशेष कार्यक्रम में किया जाएगा।
इस दौरान सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ, परंपरागत स्वागत और दोनों राज्यों की विरासत का संगम देखने को मिलेगा।
दल के सभी सदस्यों को इस भव्य समारोह में विशेष अतिथि के रूप में आमंत्रित किया गया है।

