व्यापारियों से गुंडा टैक्स मांगने वाले बदमाश का यूपी में खेल खत्म, बलिया से गिरफ्तारी

Sandesh Wahak Digital Desk: महाराष्ट्र के व्यापारियों से गुंडा टैक्स मांगने वाले शातिर अपराधी बृजेश चौहान को उत्तर प्रदेश स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) और पनवेल सिटी पुलिस की संयुक्त टीम ने बलिया से गिरफ्तार किया है। गिरफ्तारी बलिया के कोतवाली थाना क्षेत्र स्थित कुंवर सिंह तिराहा, रामपुर से की गई। पुलिस ने आरोपी के पास से एक मोबाइल फोन भी बरामद किया है।

महाराष्ट्र में दो व्यापारियों से की थी रंगदारी की मांग 

पनवेल सिटी (महाराष्ट्र) पुलिस के अनुसार, बृजेश चौहान ने मुंबई में रहने के दौरान दो व्यापारियों प्रशांत प्रभाकर दलवी और चंद्रकांत अर्जुन से जबरन धन वसूलने की कोशिश की थी। आरोपी ने वीडियो कॉल पर पिस्टल दिखाते हुए उनके बच्चों की हत्या की धमकी देकर रंगदारी मांगी थी। इस संबंध में पनवेल सिटी पुलिस ने थाना पनवेल में दो मुकदमे (मु.अ.सं. 100/2025 और मु.अ.सं. 103/2025, धारा 308(4) बीएनएस) दर्ज किए थे।

एसटीएफ और महाराष्ट्र पुलिस की संयुक्त कार्रवाई 

पनवेल पुलिस ने एसटीएफ वाराणसी से सहयोग मांगा था, जिसके बाद पुलिस उपाधीक्षक शैलेश प्रताप सिंह के पर्यवेक्षण में निरीक्षक अमित श्रीवास्तव के नेतृत्व में एक टीम गठित की गई। स्थानीय स्तर पर खुफिया जानकारी जुटाने के बाद पता चला कि बृजेश चौहान बलिया में छिपा हुआ है। इसके बाद उप-निरीक्षक शहजादा खां की अगुवाई में टीम ने बलिया के कुंवर सिंह तिराहा, रामपुर इलाके में दबिश देकर उसे गिरफ्तार किया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को बलिया के कोतवाली थाना में दाखिल किया गया। अब पनवेल सिटी पुलिस आरोपी को स्थानीय अदालत में पेश कर आगे की कानूनी कार्रवाई करेगी।

Also Read: सीतापुर पत्रकार हत्याकांड पर डिप्टी सीएम बृजेश पाठक की प्रतिक्रिया, बोले- दोषियों पर होगी कठोर…

Get real time updates directly on you device, subscribe now.