कम पानी पीने की आदत बन सकती है Kidney Stone की बड़ी वजह
Sandesh Wahak DIgital Desk: भागदौड़ भरी ज़िंदगी, काम का दबाव और समय की कमी के चलते कई लोग दिनभर में बहुत कम पानी पीते हैं। अक्सर प्यास न लगने को लोग सामान्य मान लेते हैं और इस आदत पर ध्यान नहीं देते। जबकि शरीर के लिए पानी उतना ही जरूरी है, जितना खाना। पानी शरीर से गंदे तत्वों को बाहर निकालने में मदद करता है और शरीर के अंदरूनी संतुलन को बनाए रखता है। जब शरीर को पर्याप्त पानी नहीं मिलता, तो यह संतुलन धीरे-धीरे बिगड़ने लगता है। शुरुआत में इसके असर हल्के होते हैं, लेकिन लंबे समय तक यह लापरवाही गंभीर बीमारियों का कारण बन सकती है, जिनमें किडनी स्टोन (Kidney Stone) एक बड़ी समस्या बनकर सामने आती है।
Kidney Stone का कारण बनती है पानी की कमी
सफदरजंग हॉस्पिटल के नेफ्रोलॉजी विभाग में कार्यरत डॉ. हिमांशु वर्मा के अनुसार, जब शरीर को पर्याप्त मात्रा में पानी नहीं मिलता, तो पेशाब की मात्रा कम हो जाती है। इसका सीधा असर किडनी पर पड़ता है। किडनी में मौजूद मिनरल्स और नमक सही तरीके से बाहर नहीं निकल पाते और धीरे-धीरे वहीं जमा होने लगते हैं। यही जमा हुए तत्व आगे चलकर किडनी स्टोन (Kidney Stone) का रूप ले लेते हैं।
लगातार कम पानी पीने से पेशाब गाढ़ा होने लगता है, जिससे स्टोन (Kidney Stone) बनने की संभावना और ज्यादा बढ़ जाती है। जिन लोगों को अधिक पसीना आता है, जो बहुत कम तरल पदार्थ लेते हैं या जिनकी डाइट में ज्यादा नमक और प्रोटीन होता है, उनमें यह खतरा और भी अधिक रहता है। इसके अलावा लंबे समय तक पेशाब रोकने की आदत और सर्दियों में पानी कम पीना भी किडनी स्टोन के जोखिम को बढ़ाने वाले कारण माने जाते हैं।
शरीर कैसे देता है पानी की कमी के संकेत
जब शरीर में पानी की कमी होने लगती है, तो इसके संकेत धीरे-धीरे दिखने लगते हैं। बार-बार थकान महसूस होना, मुंह सूखना और सिरदर्द होना इसके आम लक्षण हैं। पेशाब का रंग गहरा पीला हो जाना भी डिहाइड्रेशन की ओर इशारा करता है। कई लोगों को चक्कर आने लगते हैं, कब्ज की समस्या हो जाती है और त्वचा रूखी महसूस होने लगती है।
अगर लंबे समय तक शरीर में पानी की कमी बनी रहती है, तो इसका सीधा असर किडनी पर पड़ता है। ऐसी स्थिति में किडनी से जुड़ी परेशानियां बढ़ सकती हैं और पेट या कमर के निचले हिस्से में दर्द भी महसूस हो सकता है, जो आगे चलकर किडनी स्टोन (Kidney Stone) की गंभीर समस्या में बदल सकता है।
समय रहते बचाव क्यों है जरूरी?
किडनी स्टोन (Kidney Stone) जैसी समस्या से बचने के लिए पानी पीने की आदत को हल्के में लेना खतरनाक साबित हो सकता है। दिनभर में पर्याप्त मात्रा में पानी पीना, प्यास न लगने पर भी पानी पीने की आदत डालना और सर्दियों में भी पानी कम न करना बेहद जरूरी है। साथ ही ज्यादा नमक और जंक फूड से दूरी बनाकर रखना, पेशाब रोकने की आदत छोड़ना और किसी भी तरह की परेशानी बढ़ने पर समय रहते डॉक्टर से सलाह लेना किडनी को स्वस्थ रखने में अहम भूमिका निभाता है।
Also Read: SC-ST आरक्षण में क्रीमी लेयर पर सुप्रीम कोर्ट सख्त

