मातम में बदली शादी की खुशियां, सड़क हादसे में दूल्हे के भाई की मौत
मऊ: उत्तर प्रदेश के मऊ जिले में शुक्रवार सुबह एक भीषण सड़क हादसे में शादी की खुशियां मातम में बदल गईं। तेज रफ्तार से जा रही एक कार पुलिया से टकराकर खाई में पलट गई, जिससे कार में सवार दूल्हे के भाई की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार अन्य बाराती गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को जिला अस्पताल रेफर किया गया है, जहां उनकी हालत चिंताजनक बनी हुई है।
यह दर्दनाक हादसा घोसी कोतवाली क्षेत्र के जामडीह इलाके में हुआ। जानकारी के मुताबिक, बलिया के बेल्थरा से एक बारात लौट रही थी। कार में गोरखपुर के बांसगांव थाना क्षेत्र के तिघरा गांव के पांच लोग सवार थे। लौटते समय जामडीह के पास तेज रफ्तार कार का नियंत्रण चालक से छूट गया और कार सड़क किनारे पुलिया से टकराकर खाई में जा गिरी।
हादसे में कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार लोग अंदर फंस गए। स्थानीय ग्रामीणों ने शोर सुनकर दौड़ लगाई और फंसे लोगों को बाहर निकालने में मदद की। पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) घोसी भेजा गया, जहां चिकित्सकों ने चन्द्रमोल त्रिपाठी (38 वर्ष), जो दूल्हे के बड़े भाई थे, को मृत घोषित कर दिया। अन्य घायलों में मदन तिवारी (18 वर्ष), विशु तिवारी (19 वर्ष), किशन पांडे (30 वर्ष) और संदीप प्रजापति (30 वर्ष) शामिल हैं, जिन्हें गंभीर हालत में जिला अस्पताल रेफर किया गया है। घटना की सूचना मिलते ही मृतक के गांव और परिवार में कोहराम मच गया। शादी के माहौल में अचानक पसरा मातम हर किसी की आंखें नम कर गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच जारी है।
Also Read: Lucknow: महिला की हत्या का खुलासा, पति समेत दो गिरफ्तार, एक नाबालिग हिरासत में

