राहुल गांधी से जुड़े मानहानि मामले की सुनवाई फिर टली, अब 26 नवंबर को होगी अगली तारीख

Sandesh Wahak Digital Desk: रायबरेली सांसद राहुल गांधी (Rahul Gandhi) से जुड़े बहुचर्चित मानहानि मामले की सुनवाई एक बार फिर टल गई। दरअसल सोमवार को यह सुनवाई सुल्तानपुर की एमपी-एमएलए कोर्ट में निर्धारित थी, लेकिन गवाह राम चंद्र दुबे की अनुपस्थिति और उनके द्वारा स्थगन प्रार्थना पत्र दिए जाने के कारण कार्यवाही आगे नहीं बढ़ सकी। अब इस मामले की अगली सुनवाई 26 नवंबर को होगी।

अमित शाह पर अभद्र टिप्पड़ी का आरोप

जानकारी के मुताबिक, यह पूरा मामला वर्ष 2018 का है, जब भाजपा नेता विजय मिश्रा ने राहुल गांधी के खिलाफ मानहानि का मुकदमा दर्ज कराया था। मिश्रा, जो कोतवाली देहात के हनुमानगंज निवासी हैं, ने आरोप लगाया था कि कर्नाटक चुनाव प्रचार के दौरान राहुल गांधी ने तत्कालीन भाजपा अध्यक्ष और वर्तमान केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह पर अभद्र टिप्पणी की थी। इसी आरोप को आधार बनाकर यह मामला अदालत तक पहुंचा, और पिछले पाँच वर्षों से इसकी सुनवाई चल रही है।

दिसंबर 2023 में राहुल गांधी के पेश न होने पर तत्कालीन जज ने उनके खिलाफ वारंट जारी कर दिया था। इसके बाद फरवरी 2024 में राहुल गांधी ने कोर्ट में आत्मसमर्पण किया, जिसके बाद उन्हें 25-25 हजार रुपये के दो मुचलकों पर जमानत मिल गई।

26 नवंबर को अगली सुनवाई

वहीं 26 जुलाई 2024 को राहुल गांधी ने कोर्ट में अपना बयान दर्ज कराया था। उन्होंने खुद को निर्दोष बताया और इस मुकदमे को राजनीतिक साजिश करार दिया था। अदालत ने इसके बाद वादी पक्ष को साक्ष्य प्रस्तुत करने का निर्देश दिया। अब तक केवल एक गवाह से जिरह पूरी हो पाई है, जबकि दूसरे गवाह से जिरह शुरू हो चुकी है। बार-बार अदालतों की हड़ताल और गवाहों की अनुपस्थिति के कारण सुनवाई में लगातार देरी हो रही है। अब 26 नवंबर को मामले की अगली सुनवाई होगी, जहां यह देखा जाएगा कि गवाही और जिरह की प्रक्रिया आगे बढ़ती है या नहीं।

 

Also Read: सिद्धार्थनगर जेल बना आत्मबोध का केंद्र, अधीक्षक ने की बंदियों के जीवन परिवर्तन की कामना

Get real time updates directly on you device, subscribe now.