योगी सरकार की सख्ती का असर: दनकौर में 500 करोड़ की सरकारी भूमि कराई गई अतिक्रमण मुक्त
Sandesh Wahak Digital Desk: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देशों पर उत्तर प्रदेश में औद्योगिक विकास और अवसंरचनात्मक परियोजनाओं को गति देने की मुहिम तेजी पर है। इसी क्रम में, यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यीडा) ने बुधवार को एक बड़ा अभियान चलाकर गौतम बुद्ध नगर के ग्राम दनकौर (तहसील सदर) में बहुमूल्य सरकारी भूमि को अतिक्रमण से मुक्त करा लिया।

यीडा का बड़ा ध्वस्तीकरण अभियान
-
स्थान: ग्राम दनकौर, तहसील सदर, गौतम बुद्ध नगर।
-
खसरा संख्या: 211
-
मुक्त कराई गई भूमि: 4.6 हेक्टेयर (लगभग 46,000 वर्ग मीटर)।
-
अनुमानित बाजार मूल्य: लगभग 500 करोड़ रुपये।
-
कार्रवाई का नेतृत्व: यीडा के मुख्य कार्यपालक अधिकारी के विशेष कार्य अधिकारी शैलेंद्र सिंह।
अभियान के दौरान, प्राधिकरण की भूमि पर अवैध रूप से बनाए गए टीनशेड, कच्ची-पक्की दीवारें, झोपड़ियां और अन्य स्थायी-अस्थायी निर्माण को जेसीबी मशीनों की मदद से पूरी तरह ध्वस्त कर दिया गया। मौके पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात था।

अवैध कब्जेदारों को सख्त चेतावनी
यीडा के विशेष कार्य अधिकारी शैलेंद्र सिंह ने स्पष्ट किया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में यीडा क्षेत्र में विकास परियोजनाओं को तेजी से आगे बढ़ाने की प्रतिबद्धता है। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा “प्राधिकरण की किसी भी भूमि पर अवैध कब्जा बिल्कुल बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। भविष्य में ऐसा करने वालों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी और लागत वसूली के साथ आपराधिक मुकदमा भी दर्ज होगा।”

विकास परियोजनाओं को मिलेगी गति
शैलेंद्र सिंह ने बताया कि दनकौर में इतनी बड़ी और बहुमूल्य भूमि को मुक्त कराना यीडा के संकल्प का प्रतीक है। यह कार्रवाई स्पष्ट करती है कि योगी सरकार औद्योगिक निवेश, अवसंरचना विस्तार और पारदर्शी प्रशासन को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है।
अधिकारी ने कहा कि यमुना एक्सप्रेस-वे तथा ईस्टर्न पेरिफेरल के इंटरचेंज के किसानों की 7% आबादी भूमि संबंधी समस्याओं को हल करने और यीडा क्षेत्र में विकास परियोजनाओं को तेजी से आगे बढ़ाने के लिए सरकारी व प्राधिकरण की समस्त भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराना प्राथमिकता है।
Also Read: सिद्धार्थनगर में 13 दिसंबर की राष्ट्रीय लोक अदालत की तैयारी, प्री-ट्रायल बैठक संपन्न

